बोदलकसा का लापता बालक मुंबई में मिला

0

परिजनों व पुलिस की टीम बालक लाने मुंबई रवाना

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी थाना अंतर्गत ग्राम बोदलकसा से ११ अगस्त से अचानक रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हुए ग्राम बोदलकसा निवासी अभय पिता अशोक मेश्राम को मुंबई में सकुशल दस्तयाब कर लिया गया है। सूचना मिलते ही २३ अगस्त को वारासिवनी पुलिस की टीम और परिजन बालक को वापस लाने के लिए मुंबई रवाना हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार अभय मेश्राम ११ अगस्त को प्रतिदिन की तरह अपने घर बोदलकसा से स्कूल जाने के लिए निकला था। वह अपनी साइकिल से ग्राम बुदबूदा स्थित एक पशु आहार की दुकान पर पहुंचा जहां उसने साइकिल खड़ी की और बस में सवार होकर वारासिवनी आ गया। इसके बाद वह अचानक लापता हो गया और उसका कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों की शिकायत पर वारासिवनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू किए। जबकि परिजन भी लगातार विभिन्न शहरों में उसकी तलाश कर रहे थे। लापता बालक घूमते हुए महाराष्ट्र के मुंबई रेलवे स्टेशन पहुंच गया जहां लावारिस स्थिति में देखकर मुंबई पुलिस ने उसे अपनी सुरक्षा में ले लिया। पूछताछ के दौरान मुंबई पुलिस को बालक के संबंध में जानकारी मिली जिसके बाद उन्होंने तत्काल बालाघाट पुलिस से संपर्क कर मामला तलब किया। दर्ज गुमशुदगी के आधार पर बालाघाट पुलिस ने मुंबई पुलिस को पूरी जानकारी दी। मुंबई पुलिस ने वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए अभय मेश्राम को मुंबई के एक बाल आश्रम में सुरक्षित रखवा दिया है। बालाघाट पुलिस की सूचना पर वारासिवनी थाना पुलिस और परिजन २३ अगस्त को मुंबई के लिए रवाना हो गए हैं। प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी कर बालक को जल्द ही सकुशल वारासिवनी वापस लाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here