भारत सभी स्मार्टफोन मेकर कंपनियों के लिए एक बड़ा मार्केट रहा है। हर साल भारी तादात में स्मार्टफोन्स की बिक्री होती है। यही वजह है कि यहां हर महीने कई सारे नए स्मार्टफोन्स की एंट्री होती रहती है। भले ही भारत में स्मार्टफोन्स की डिमांड ज्यादा हो लेकिन 2026 की पहली तिमाही में स्मार्टफोन्स की शिपमेंट में बड़ी गिरावट देखने को मिली। आपको जानकार हैरानी होगी कि पिछले 6 सालों में बाजार के लिए सबसे कम शिपमेंट वाली तिमाही रही।
स्मार्टफोन शिपमेंट में गिरावट आने के पीछे कई बड़े कारण शामिल हो सकते हैं जिसमें मेमोरी कंपोनेंट्स के प्राइस, स्मार्टफोन्स के प्राइस का बढ़ना और साथ ही कंज्यूमर डिमांड में गिरावट आना शामिल हैं।
Counterpoint Research की मंथली रिपोर्ट के अनुसार इस साल पहली तिमाही की शिपमेंट वर्ष दर वर्ष के आधार पर तीन प्रतिशत घटी है। कई सारी स्मार्टफोन कंपनियों ने कंपोनेंट्स की कमी और कास्ट बढ़ने और साथ ही करेंसी में अप-डाउन्स आने की वजह से स्मार्टफोन्स की लॉन्चिंग को भी टाल दिया है। हालांकि इन सब कारणों के बाद भी चीन की दिग्गज कंपनी Vivo ने बाजार में 21 प्रतिशत की हिस्सेदारी बनाकर पहला स्थान हासिल किया है। रिपोर्ट के मुताबिक इस कामयाबी में वीवो को अपनी नई V सीरीज के स्मार्टफोन्स की मिड रेंज सेगमेंट में डिमांड बढ़ने का बड़ा फायदा मिला है।
दूसरे नंबर पर रही ये कंपनी
वहीं अगर शिपमेंट के मामले में दूसरी कंपनी की बात करें तो इस नंबर पर साउथ कोरिया की दिग्गज कंपनी सैमसंग रही। सैमसंग को अपनी A सीरीज के स्मार्टफोन्स की डिमांड का फायदा मिला। इसके अलावा कंपनी की फ्लैगशिप सीरीज Galaxy S26 की भी शुरुआती दिनों में डिमांड काफी मजबूत रही। रिपोर्ट के मुताबिक पहली तिमाही में सैमसंग ने 15,000 रुपये से 20,000 रुपये के सेगमेंट में सबसे ज्यादा शिपमेंट की
इस कंपनी की रही डबल डिजिट ग्रोथ
पहली तिमाही में चीन की स्मार्टफोन मेकर कंपनी ओप्पो का मार्केट शेयर 14 प्रतिशत रहा। अगर ओप्पो के सबसे डिमांडिंग स्मार्टफोन्स की बात करें तो कंपनी के A और K सीरीज की बाजार में मजबूत पकड़ रही। ओप्पो ने वर्ष दर वर्ष के आधार पर 8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की जिसकी वजह से वह टॉप 5 कंपनियों की लिस्ट में शामिल होने में कामयाब रही।
Xiaomi और Apple
अगर शॉओमी की बात करें तो कंपनी के सब ब्रैंड Poco के साथ इस तिमाही में चौथा स्थान मिला। इस तिमाही शाओमी की हिस्सेदारी 7.9 प्रतिशत की रही। शाओमी ने इस दौरान 10,000 रुपये से लेकर 20,000 रुपये के सेगमेंट में डबल डिजिट में ग्रोथ हासिल की। टेक जायंट एप्पल की बात करें तो 2026 की पहली तिमाही में कंपनी का मार्केट शेयर 9 प्रतिशत का रहा। साल की पहली तिमाही में Apple iPhone 17 सीरीज की डिमांड काफी मजबूत रही।













































