पदमेश न्यूज़,बालाघाट। फरवरी माह के शुरुआती दिनों से ही तापमान में लगातार आ रहे उछाल और बढ़ रही गर्मी के बीच सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में बादल छा गए। सुबह से ही आसमान में बादल छाने और ठंडी हवाओं के चलने से फरवरी की शुरूआत से गर्म हो रहा तापमान कमजोर पड़ा है वही पूरे जिले में ठंडी और शुष्क हवाएं प्रभावित होने लगी। जिसने मौसम को एक बार फिर से खुशनुमा बना दिया। मौसम में आए अचानक बदलाव के बीच नगर का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वही न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस की आसपास रहा। उधर मौसम विभाग ने आगामी दो दिनों तक मौसम के कुछ इसी तरह बने रहने और गोंदिया से लगे बालाघाट जिले के क्षेत्र में हल्की बारिश व बूंदाबांदी होने की होने की संभावना जताई है।
इस वजह से आया मौसम में बदलाव
फरवरी की शुरूआत से दिन गर्म और रात में हल्की ठंड का असर था, लेकिन सोमवार को सुबह से ही मौसम में परिवर्तन से दिन का तापमान ठंडा पड़ा है। जहां मध्य रात्रि के बाद से ही आसमान को काले बादलों ने घेरना शुरू कर दिया और सुबह होते तक पूरी तरह से काले बादलों की आगोश में आसमान चला गया। वह ठंडी हवाएं प्रभावित हो गई जिससे तापमान में गिरावट के साथ ही मौसम सुहाना हो गया।बताया गया कि बंगाल के उपसागर में साईक्लोन बनने से मौसम में यह परिवर्तन देखा जा रहा है। सैटेलाईट इमेज में ईस्ट मध्यप्रदेश में हल्के बादल और हल्की वर्षा देखी जा रही है,बताया गया कि विगत दिनों से पड़ रहे गर्माहट के कारण, लो-प्रेशर बना है, जो मौसम में बादल और बारिश की संभावना को प्रबल कर रहा है।
गोंदिया से लगे क्षेत्रो में हो सकती है बारिश -अगासे
दुरभाष पर की गई चर्चा के दौरान कृषि विज्ञान केन्द्र के मौसम वैज्ञानिक धर्मेन्द्र अगासे ने बताया कि मौसम परिवर्तन के साथ ही कुछ इलाकों में बारिश की संभावनाएं बनी हुई है इसमें खासकर महाराष्ट्र के गोंदिया से लगे बालाघाट के लांजी, किरनापुर, खैरलांजी क्षेत्र में हल्की बारिश हो सकती है।उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को मौसम में बदलाव संभावित था लेकिन 3 दिन पहले ही मौसम में परिवर्तन हाई प्रेशर से लो प्रेशर की ओर हवा के गतिमान होने से ऐसा मौसम बना है। हालांकि यदि बारिश होती है तो अलसी और सरसो को छोड़कर, खेतो में लगी गेंहू और धान के लिए बारिश फायदेमंद हो सकती है।










































