MP बोर्ड के परीक्षा परिणामो में बालाघाट के सितारों का जलवा!सरकारी स्कूलों ने गाड़े झंडे, मेरिट लिस्ट में बेटियों का ‘महा-मुकाबला'”.

0
oplus_0

लंबे इंतजार के बाद 15 अप्रैल को माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया गया। इस बार जिले के विद्यार्थियों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए 10वीं में प्रदेश स्तर पर बेहतर स्थान हासिल किया है, जबकि 12वीं का परिणाम भी संतुलित रहा है। जानकारी के अनुसार, कक्षा 10वीं का रिजल्ट 87.8 प्रतिशत रहा, वहीं कक्षा 12वीं का परिणाम 86.6 प्रतिशत दर्ज किया गया। पिछले वर्ष की तुलना में इस बार का परिणाम लगभग समान रहा, लेकिन प्रावीण्य सूची में इस बार कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों की संख्या अधिक रही है। कक्षा 10वीं से प्रदेश की प्रावीण्य सूची में जिले के 36 विद्यार्थियों ने स्थान बनाया है, जबकि कक्षा 12वीं में यह संख्या 8 रही। इससे स्पष्ट है कि इस वर्ष 10वीं के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, जबकि 12वीं में अपेक्षाकृत कम छात्र सूची में स्थान बना सके। जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि इस बार शासकीय स्कूलों का परिणाम संतोषजनक रहा है। वहीं निजी स्कूलों के परिणाम में सुधार के लिए जल्द ही प्राचार्यों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।

माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे कक्षा 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। रिजल्ट को लेकर जिले के विद्यार्थियों में पहले से ही खासा उत्साह देखा जा रहा था। घोषित परिणाम भी विद्यार्थियों के अनुरूप ही रहे, हालांकि इस बार कक्षा 10वीं के छात्रों ने प्रदेश की प्रवीण सूची में बेहतर प्रदर्शन किया, जबकि कक्षा 12वीं के विद्यार्थी अपेक्षाकृत कम संख्या में स्थान बना सके। जिले में कक्षा 10वीं के कुल 18,354 विद्यार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 87.18 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। वहीं कक्षा 12वीं में 22,836 विद्यार्थियों में से 86.6 प्रतिशत ने सफलता प्राप्त की।

10वीं में 36 छात्रों ने बनाई प्रवीण सूची में जगह

कक्षा 10वीं की प्रवीण सूची में जिले के 36 विद्यार्थियों ने स्थान हासिल किया। इनमें अक्षरा पिता अनिल घोडेश्वर (शाउमावि छतेरा) ने 498 अंक अर्जित कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। शिवम पिता विनोद बोपचे (शाउमावि परसवाड़ा घाट) 497 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि भूमि पिता वीरेंद्र बिसेन (शाउमावि जाम कटंगी) ने 496 अंक लेकर चौथा स्थान प्राप्त किया। 495 अंकों के साथ दिव्यांश पिता राजकुमार चापके (शाउमावि बल्लारपुर) और नैना पिता जयकिशोर लिल्हारे (सांदीपनि वीरांगना रानी दुर्गावती उमावि, बालाघाट) पांचवें स्थान पर रहे। 494 अंकों के साथ निश्चय पिता दिनेश राणा, डेजी पिता लिंकेश बिसेन, निधि पिता संजय पुंड और रेयांश पिता लालचंद चौराघड़े ने छठवां स्थान हासिल किया। 493 अंकों के साथ सातवें स्थान पर जागृति पिता तीरथदास लिल्हारे, विनायक पिता शिवकुमार ठाकरे, रौनक पिता मुनीराम बागड़े, पीयूष पिता दावनलाल टैंभारे, अनंत पिता धर्मेंद्र पंचेश्वर और अंशिका पिता अंजुनाथ गंगभोज रहे। 492 अंकों के साथ आठवें स्थान पर दिशा पिता साहबलाल गौतम, विशाखा पिता संतोष बापूरे, ललित पिता सुखराम पारधी और तन्वी पिता ईश्वरचंद्र नगपुरे शामिल रहे। 491 अंकों के साथ नौवें स्थान पर शिवांगी पिता आशुतोष पांडे, रागिनी पिता धनेंद्र पटेल, मनु पिता केवल प्रसाद कटंगकर, डेविड पिता संतोष उचबगले, वाणी पिता कुंदन सोनी, पीहू पिता दिनेश परिमल, हिना पिता राकेश ठाकरे, यामिनी पिता उम्मेदलाल शरणागत और हिमांशी पिता घनश्याम कुथे ने स्थान बनाया। वहीं 490 अंकों के साथ दसवें स्थान पर प्रीत पिता छोटेलाल राणा, माही पिता दुल्हीराम सुलाखे, स्मृति पिता सेवकराम कावरे, अंशु पिता खिलेश्वर राहंगडाले, माही पिता भूपेंद्र राहंगडाले, निशा पिता सुनील तेलासे, श्वेता पिता तेजराम बंटे और देवांशी पिता गिरीश देशमुख शामिल रहे।

12वीं में केवल 8 छात्रों को मिली प्रवीण सूची में जगह

कक्षा 12वीं में विभिन्न संकायों से कुल 8 विद्यार्थियों ने प्रवीण सूची में स्थान प्राप्त किया। शिवम पिता सुरेश अवधिया (शाउमावि बल्लारपुर) ने 482 अंक लेकर आठवां स्थान प्राप्त किया। विज्ञान (गणित) समूह से भावना पिता लिंगाजी पटले (शाउमावि कटंगी) ने 485 अंकों के साथ आठवां स्थान हासिल किया। वाणिज्य संकाय से आर्यगिरी पिता इतोष गिरी गोस्वामी (शासकीय नवीन उमावि माटे) ने 481 अंकों के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया। कृषि संकाय में स्वाति पिता तेजराम उइके और प्रणाली पिता सम्राट थावरे (शा.हा.से. स्कूल झालीवाड़ा) ने 484 अंकों के साथ पांचवां स्थान हासिल किया। जीव विज्ञान संकाय से स्तुति पिता सौरभ जैन (वैकाइंमी उमावि लालबर्रा) ने 489 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं अश्मी पिता अनिल कुमार पाराशर (वैकाइंमी लालबर्रा) ने 483 अंकों के साथ नवां स्थान और आदिती पिता हितेंद्र तिवारी (शा. आ. ब. उ. रा. मा. वि. बालाघाट) ने 482 अंकों के साथ दसवां स्थान प्राप्त किया।

रिजल्ट सुधार के प्रयास किये गये थे – अश्वनी कुमार

जिला शिक्षा अधिकारी अश्वनीकुमार उपाध्याय ने परिणाम को संतोषजनक बताते हुए कहा कि इस वर्ष का रिजल्ट पिछले वर्ष के समान ही रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों के बेहतर परिणाम के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित की गई थीं, जिनका सकारात्मक असर देखने को मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि इस बार प्रवीण सूची में शासकीय विद्यालयों के छात्रों की भागीदारी अधिक रही है, जबकि निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों की संख्या कम है। इसे ध्यान में रखते हुए जल्द ही निजी स्कूलों के प्राचार्यों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कमजोर परिणाम को स्वीकार करते हुए कहा कि संबंधित विद्यालयों और अधिकारियों को निर्देशित कर आने वाले समय में परिणाम सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here