लखनऊ: राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ मैच के दौरान आईपीएल के आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। इसकी वजह से साउथ अफ्रीकी गेंदबाज पर जुर्माना लगाया है। बर्गर के मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगा है। इसके साथ ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को एक डिमेरिट पॉइंट दिया गया।
नांद्रे बर्गर को क्यों सजा मिली?
नांद्रे बर्गर को आर्टिकल 2.5 के तहत लेवल 1 का दोषी पाया गया है। उन्होंने अपनी गलती भी स्वीकार कर ली। आईपीएल ने अपने बयान में कहा, ‘नांद्रे बर्गर ने आर्टिकल 2.5 के तहत लेवल 1 के अपराध को स्वीकार कर लिया। इसमें ऐसी भाषा, हरकतें या इशारे इस्तेमाल करना शामिल है जो किसी दूसरे खिलाड़ी का अपमान करते हों या उससे आक्रामक प्रतिक्रिया भड़का सकते हों। उन्होंने मैच रेफरी की सजा को मान लिया।’










































