कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का संसद मार्च दिल्ली पुलिस बल के साथ लगातार संघर्ष करते हुए आगे बढ़ रहा है। सोमवार, 20 जुलाई को सुबह करीब 10 बजे जहां पुलिस ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया था, वहीं रैली के संसद भवन के करीब पहुंचते ही उन पर दोपहर करीब 12 बजे आंसू गैस के गोले छोड़े गए हैं। इस बीच, चर्चा में मध्य प्रदेश के रतलाम में पैदा हुए रैपर-सिंगर सैंटी शर्मा भी हैं। वह एक नए विवाद में फंस गए हैं, जहां कॉकरोच जनता पार्टी के बारे में टिप्पणी करने के बीच उनका YouTube चैनल डिलीट कर दिया गया है। कथित तौर पर सैंटी शर्मा ‘बिग बॉस 20’ में नजर आने वाले हैं।
इससे पहले कि हम सैंटी शर्मा से जुड़े विवाद के बारे में आगे बताएं, चर्चा है कि सरकार ने कॉकरोच जनता पार्टी को बातचीत के लिए मिलने बुलाया है। नीट पेपर लीक और छात्रों की आत्महत्या पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे CJP प्रदर्शनकारी लगतार 23 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। इस बीच CJP प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि सरकार ने बातचीत के लिए बुलाया है और वे स्वास्थय मंत्री जेपी नड्डा से मिलने जा रहे हैं।11 साल पुराना था सैंटी शर्मा का यूट्यूब चैनल!
बहरहाल, सैंटी शर्मा से जुड़े विवाद पर लौटते हैं। रैपर ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा है कि YouTube ने उनके चैनल पर एक्शन लिया है। उन्होंने घटनाक्रम पर निराशा व्यक्त करते हुए कहा, ‘मेरे चैनल में 11 साल से अधिक का क्रिएटिव काम, म्यूजिक रिलीज और निजी यादें शामिल थीं।’सैंटी शर्मा ने कहा था- CJP बस इंटरनेट ड्रामा, कीड़े पनपते हैं तो खत्म करना चाहिए
सैंटी शर्मा को लेकर यह विवाद तब शुरू हुआ, जब रैपर ने CJP के प्रदर्शन को ‘सिर्फ एक इंटरनेट ड्रामा’ बताया। अक्षय कुमार की ‘हाउसफुल 5’ में संगीत देने वाले सैंटी शर्मा ने कॉकरोच पर स्प्रे छिड़कते हुए एक तस्वीर शेयर की थी और लिखा था, ‘घर में जब कॉकरोच या अन्य कीड़े पनपते हैं तो उन्हें जल्दी दवा का स्प्रे कर खत्म कर देना चाहिए। विदेशी ताकतें भारत में इस कॉकरोच को तेजी से फैला रही हैं। आजकल कई लोग ट्रेंड्स देखकर आंख मूंदकर फॉलो करने लगते हैं।’










































