ढाका: बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपने देश लौटने का एलान किया है। दो साल से भारत में रह रहीं शेख हसीना ने एक इंटरव्यू में कहा कि वह अपनी पार्टी (अवामी लीग) के नेताओं के साथ साल के आखिर में ढाका लौटेंगी और कोर्ट में आत्मसमर्पण करेंगी। हसीना के बयान ने दुनिया का ध्यान खींचा है क्योंकि उनकी गैरमौजूदगी में ढाका में उनको मौत की सजा सुनाई जा चुकी है और उनकी पार्टी को बैन कर दिया गया है। एक्सपर्ट मान रहे हैं कि उनकी भारत से निर्वासन खत्म कर वतन वापसी की राह आसान नहीं है।शेख हसीना ने कहा, ‘हो सकता है कि लौटने पर वे मुझे ना सिर्फ गिरफ्तार करें बल्कि मार डालें लेकिन मुझे जाना है। मौत आनी है तो मैं चाहती हूं कि अपनी जमीन पर आए, जहां मेरे माता-पिता दफन हैं। मैं अपनी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को दमन को इस तरह से नहीं देख सकती हूं।’ आइए जानते हैं कि शेख हसीना की सरकार क्यों गई, उनको भारत क्यों आना पड़ा और अब उनका भविष्य क्या हो सकता है।










































