नई दिल्ली: देश की तीसरी बड़ी आईटी कंपनी एचसीएल टेक के शेयरों में आज भारी गिरावट आई है। कंपनी के शेयरों में 11 फीसदी से अधिक गिरावट आई और यह 52 हफ्ते के लो के करीब पहुंच गया। इस गिरावट से कंपनी का मार्केट कैप करीब 40,000 करोड़ रुपये घट गया। कंपनी ने मंगलवार को अपना चौथी तिमाही का रिजल्ट जारी किया। लेकिन यह निवेशकों की उम्मीदों पर खरा नहीं उतरा। बीएसई पर कंपनी का शेयर पिछले सत्र में 1441.55 रुपये पर बंद हुआ था और आज यह 1344.05 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 11 फीसदी से अधिक गिरावट के साथ 1282.30 रुपये तक गिरा। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 1,770 रुपये और न्यूनतम 1,275.70 रुपये है।
एचसीएल टेक्नोलॉजीज का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में नेट प्रॉफिट 4.2 प्रतिशत बढ़कर 4,488 करोड़ रुपये रहा। इस प्रदर्शन के पीछे एआई-आधारित सेवा कारोबार की अहम भूमिका रही है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,307 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 12.34 प्रतिशत बढ़कर 33,981 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 30,246 करोड़ रुपये थी। तिमाही आधार पर कंपनी का नेट प्रॉफिट 10.10% और रेवेन्यू 0.32% बढ़ गया।










































