नई दिल्ली: हवाई यात्रा करने वालों को लिए अच्छी खबर है। देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो 20वीं सालगिरह के मौके पर एक खास ऑफर लेकर आई है। इसके तहत कंपनी ग्राहकों को 20,000 मुफ्त घरेलू फ्लाइट टिकट जीतने का मौका दे रही है। हैप्पी इंडिगो डे कैंपेन में एयरलाइन चुने हुए ग्राहकों को उनके किराए का पैसा रिफंड करेगी। यह रिफंड प्रति पीएनआर 10,000 रुपये तक होगा। यह उन घरेलू बुकिंग्स पर लागू होगा जो 4 अगस्त से 6 अगस्त, 2026 के बीच की गई हों।
यह ऑफर सिर्फ इंडिगो के डायरेक्ट चैनलों जैसे वेबसाइट, मोबाइल ऐप और AI वर्चुअल असिस्टेंट ‘6Eskai’ के जरिए की गई बुकिंग्स पर ही मिलेगा। यह ऑफर इंडिगो की 20वीं वर्षगांठ के मौके पर लाया गया है। इंडिगो ने 4 अगस्त, 2006 को गुवाहाटी होते हुए दिल्ली और इंफाल के बीच अपनी पहली फ्लाइट के साथ उड़ान भरना शुरू किया था। आज कंपनी के पास 430 से ज्यादा विमानों का बेड़ा है और यह रोजाना लगभग 2,200 फ्लाइट ऑपरेट करती है।
ऑफर कैसे काम करेगा?
ऑफर के दौरान जो ग्राहक योग्य घरेलू फ्लाइट्स बुक करेंगे, उन्हें एक रैंडम सिलेक्शन प्रोसेस में शामिल किया जाएगा। चुने गए ग्राहकों को एक ईमेल और WhatsApp मैसेज भेजा जाएगा, जिसमें उनसे एक आसान सवाल का जवाब देने के लिए कहा जाएगा। हर चुने हुए ग्राहक को सही जवाब देने के लिए तीन मौके मिलेंगे। सही जवाब देने वाले ग्राहक को बुकिंग का किराया वापस मिल जाएगा।
यह रकम प्रति PNR अधिकतम ₹10,000 होगी और रिफंड तीन से पांच वर्किंग डेज में मिल जाएगा। यह ऑफर इकॉनमी क्लास और IndiGoStretch, दोनों तरह की बुकिंग के लिए मान्य है। इसमें घरेलू रूट पर वन-वे और रिटर्न यात्राएं शामिल हैं। इंडिगो ने कहा है कि यह ऑफर कंपनी की वेबसाइट पर दी गई शर्तों और नियमों के अधीन है।










































