78.75 करोड़ के प्रीमियम खिलाड़ियों ने LSG को रुलाए खून के आंसू, सस्ते प्लेयर्स ने दिया मुस्कुराने का मौका

0

‘मुस्कुराइए आप लखनऊ में हैं’, पर शायद ही कोई लखनवी क्रिकेट फैंस मुस्कुरा रहा होगा। हो भी क्यों टीम ने इतना खराब प्रदर्शन जो किया है। महंगे खिलाड़ियों से सजी लखनऊ की टीम 14 में से केवल 4 मुकाबले जीत सकी। वह 8 प्वाइंट्स के साथ आईपीएल के 19वें सीजन की सबसे फिसड्डी टीम साबित हुई। फ्रेंचाइजी ने छह खिलाड़ियों पर ही 78.75 करोड़ रुपये खर्च कर दिए लेकिन, उनका प्रदर्शन उम्मीद से बेहद शर्मनाक रहा।

इनमें सबसे पहले 27 करोड़ रुपये की भारी भरकम रकम लेने वाले टीम के कप्तान ऋषभ पंत शामिल हैं। ऋषभ पंत के बल्ले से इस सीजन 14 मैच में 28.36 की औसत और 138.05 की स्ट्राइक रेट से कुल 312 रन निकले। इसमें केवल एक अर्धशतक शामिल रहा। साल 2025 में पंत ने 24.45 की औसत और 133.17 की स्ट्राइक रेट से कुल 269 रन बनाए थे। इसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था। इस महंगे खिलाड़ी ने अपने प्रदर्शन और कप्तानी से लखनऊ को निराश किया।

21 करोड़ के पूरन का नहीं चला बल्ला

दूसरे नंबर पर निकोलस पूरन को रखा जा सकता है। वेस्टइंडीज के धाकड़ खिलाड़ी को लखनऊ ने 21 करोड़ रुपये में खरीदा। पूरन ने पूरे सीजन 18.00 की औसत और 127.87 की स्ट्राइक रेट से कुल 234 रन ही बनाए। इसमें एक अर्धशतक शामिल रहा। अगले सीजन लखनऊ उन्हें रिलीज कर सकती है। इसके बाद नंबर आता है मयंक यादव का। इस तेज गेंदबाज को लखनऊ ने 11 करोड़ रुपये दिए। मयंक ने लखनऊ के लिए इस सीजन कुल चार मैच खेले और एक भी विकेट नहीं हासिल कर सके। मयंक ने 11.38 की इकॉनमी से रन लुटाए।शमी भी नहीं उतरे उम्मीद पर खरे

मोहम्मद शमी को उनके घरेलू प्रदर्शन के चलते एलएसजी ने 10 करोड़ रुपये में खरीदा। 13 मैच में 12 विकेट लिए। उन्होंने 9 की इकॉनमी से रन लुटाए। बल्ले से कुल 31 रन का योगदान दिया। एक मैच में शमी ने सिक्स लगाकर मैच बना दिया था लेकिन लखनऊ सुपर ओवर में यह मैच गंवा बैठा था। 9.75 करोड़ रुपये लेकर लखनऊ में शामिल हुए आवेश खान ने 7 मैच खेले। इस दौरान मात्र 6 विकेट लिए। पूरे सीजन 11.07 इकॉनमी से आवेश खान ने रन लुटाए।

सस्ते खिलाड़ियों ने दिया लखनऊ को मुस्कुराने का मौका

प्रीमियम खिलाड़ियों से LSG को मजबूती मिलने और सस्ते खिलाड़ियों से उनकी क्षमता बढ़ने के बजाय, ठीक उल्टा हुआ। सस्ते खिलाड़ियों ने ही LSG को मुस्कुराने का मौका दिया। मिचेल मार्श एलएसजी के इस सीज़न की सबसे बड़ी सफलता साबित हुए। 3.40 करोड़ में खरीदे गए इस खिलाड़ी ने 13 मैच में कुल 563 रन बनाए। इसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल रहे। प्रिंस यादव का सीजन एक और शानदार जीत साबित हुआ। 30 लाख रुपये में खरीदे गए खिलाड़ी ने 14 मैच में 16 विकेट चटकाए। उनकी इकॉनमी 8.83 की रही। इस प्रदर्शन के चलते उन्हें टीम इंडिया से बुलावा आया।

युवा खिलाड़ियों ने छोड़ी अपनी छाप

मुकुल चौधरी की कीमत 2.60 करोड़ थी और उन्होंने 10 मैच में निचले क्रम पर बल्लेबाज करते हुए 170 रन बनाए। इस दौरान उनका 141.67 का स्ट्राइक रेट रहा। 2 करोड़ रुपये में लखनऊ में शामिल हुए ऐडन मार्करम ने 12 मैच में 231 रन बनाए। वहीं, आयुष बडोनी ने भी 4 करोड़ रुपये से ज्यादा का प्रदर्शन किया। बडोनी ने 10 मैच में 215 रन बनाए। कुल मिलाकर पंत, पूरन, मयंक, शमी और आवेश ने अपनी कीमत के हिसाब से खराब प्रदर्शन किया, जो लखनऊ के लिए घाटे का सौदा रहा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here