8 साल से फरार स्थायी वारंटी घर में ही धराया

0

चेन्नई में मजदूरी कर काट रहा था फरारी

त्योहार पर घर लौटने की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी

बालाघाट। चांगोटोला पुलिस ने मारपीट के मामले में पिछले आठ साल से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। स्थाई वारंटी चेन्नई में मजदूरी कर फरारी काट रहा था और हाल ही में त्योहार के चलते अपने गांव मऊ स्थित घर आया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार स्थाई वारंटी शिवांश पिता सूरज लड़ उर्फ रामकुमार महोबिया 25 वर्ष ग्राम मऊ निवासी को कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया।जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्ष 2018 में मारपीट के एक मामले में शिवांश महोबिया के विरुद्ध धारा 294, 323 एवं 506 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया था। अपराध दर्ज होने के बाद से ही आरोपी फरार हो गया था। उसकी फरारी के दौरान ही पुलिस द्वारा प्रकरण में चालान न्यायालय में पेश किया गया था। मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।आरोपी शिवांश के लगातार फरार रहने के कारण न्यायालय द्वारा उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया गया था। पुलिस द्वारा लंबे समय से उसकी तलाश की जा रही थी। बताया गया कि शिवांश चेन्नई में मजदूरी करते हुए पुलिस की गिरफ्त से बच रहा था।

त्योहार पर घर पहुंचा: पुलिस ने दबोचा

चांगोटोला पुलिस को सूचना मिली कि आठ साल से फरार शिवांश त्योहार के अवसर पर अपने गांव मऊ स्थित घर आया हुआ है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए 11 सितंबर को पुलिस टीम ने ग्राम मऊ में घेराबंदी की। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। जिसे बालाघाट की न्यायालय में पेश कर दिया गया जहां से उसे न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भिजवा दिया गया है

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here