नगर मुख्यालय की ग्राम पंचायत पांढरवानी लालबर्रा के द्वारा गत दिवस थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर
बस स्टैंड व पुलिस थाना के निकट विधायक निधि से निर्मित शासकीय भवन में अवैध रूप से कब्जा कर दुकान संचालित करने वाले शैलेन्द्र जैन, देवेन्द्र जैन के विरूध्द कार्यवाही कर भवन खाली करवाने की मांग की है। साथ ही गत दिवस एसडीएम वारासिवनी के लालबर्रा निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत पांढरवानी सरपंच अनीस खान एवं अन्य प्रतिनिधियों ने एसडीएम राजीव रंजन पांडे से मुलाकात कर शासकीय भवन में तोड़-फोड़ कर अवैध रूप से दो भाईयों के द्वारा अवैध कब्जा कर नियम विरूध्द दुकान संचालित किये जाने वालों पर कार्यवाही कर भवन को खाली करवाने की मांग की थी। जिस पर एसडीएम ने कार्यवाही करने आश्वास्त भी किया था। वहीं ग्राम पंचायत पांढरवानी का कहना है कि ब्लाक की सबसे बड़ी व नगर मुख्यालय की ग्राम पंचायत पांढरवानी लालबर्रा थाने के समीप विधायक निधि से विगत वर्ष पूर्व शासकीय भवन का निर्माण किया गया था। जिसका सम्पूर्ण रख रखाव व देख रेख ग्राम पंचायत पांढरवानी के द्वारा किया जाता रहा है किंतु करीब १ वर्ष पूर्व शैलेंद्र जैन व देवेंद्र जैन दोनों सगे भाईयों के द्वारा उक्त शासकीय सामुदायिक भवन में तोड़ फोड़ कर शटर लगाकर अवैध रूप से कब्जा कर अपना व्यवसाय किया जा रहा है। इस विषय पर ग्राम पंचायत पांढरवानी के द्वारा गत दिवस पंचायत में बैठक आयोजित कर प्रस्ताव पारित कर दोनों भाइयों के विरूध्द पुलिस थाना लालबर्रा में शासकीय संपत्ति में तोड़ फोड़ व अवैध रूप से कब्जा कर ग्राम पंचायत को लाखों रुपये की क्षति पहुंचाये जाने पर कठोर कार्यवाही के लिए ज्ञापन सौंपा गया है और जल्द सरकारी भवन में तोड़-फोड़ करने वालों पर कार्यवाही कर भवन को खाली करवाने की मांग की है। ज्ञात हो कि बालाघाट-सिवनी हाईवे मार्ग स्थित हद्य स्थल बस स्टैण्ड लालबर्रा के सामने, पुलिस थाना के समीप विधायक विकास निधि से शासकीय सामुदायिक भवन का निर्माण लगभग १० वर्ष पूर्व किया गया था। जिसका उपयोग शासकीय व अन्य कार्य हेतु किये जाते रहा है और ग्राम पंचायत पांढरवानी के द्वारा शासन की आनन्दम योजना, नेकी की दीवार, गर्मियों में सार्वजनिक पेयजल प्याऊ सहित अन्य कार्य होते थे किंतु विगत वर्ष से लालबर्रा के शैलेंद्र जैन व देवेंद्र जैन के द्वारा कब्जा कर दुकान संचालित की जा रही है और नगर मुख्यालय स्थित शासकीय सामुदायिक भवन जिसकी मार्केट कीमत करोड़ों रूपये की है।










































