- Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में होली के मद्देनजर सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए गए हैं। खासतौर पर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रमुख शहरों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। हालांकि प्रदेश में होली का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा, लेकिन राजधानी भोपाल में मंगलवार सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था सख्त नजर आने लगी। राज्य सरकार ने मंगलवार से सार्वजनिक अवकाश की घोषणा भी कर दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देशों के बाद प्रशासन ने संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने 1 मार्च को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
- नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह
- मध्य प्रदेश पुलिस ने होली के अवसर पर एक विशेष एडवाइजरी जारी कर नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने त्योहार के दौरान साइबर ठगी से बचने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट न करने की अपील की है। जारी निर्देशों में कहा गया है कि होली से जुड़ी कोई भी आपत्तिजनक, एडिट की गई या भ्रामक फोटो, वीडियो अथवा पोस्ट को साझा करना, प्रसारित करना या किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आगे बढ़ाना कानूनन अपराध है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनके विरुद्ध आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे।
- इंदौर पुलिस आयुक्त ने क्या बताया?
- इंदौर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने मंगलवार को जानकारी दी कि होली के मद्देनजर शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक स्तर पर जांच अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बीते 24 घंटों के दौरान पुलिस ने दो चाकूबाजी के आरोपियों सहित कुल 543 उपद्रवी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की है। इसके अलावा, शराब पीकर वाहन चलाने के 280 मामलों में मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं। पुलिस आयुक्त ने बताया कि मंगलवार से दो दिनों के लिए ड्रोन के जरिए निगरानी और शहर में फ्लैग मार्च की शुरुआत कर दी गई है, ताकि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।









































