पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। क्षेत्र के ग्राम पांढरवानी स्थित प्राचीन हनुमान दुर्गा मंदिर परिसर में शुक्रवार २७ मार्च को रामनवमी के पावन पर्व पर भक्तिमय माहौल के बीच हनुमान-शिव मंदिर के नवनिर्माण हेतु शुभ मुहूर्त में प्रात: ९ बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भूमिपूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ और इसी के साथ मंदिर की आधारशिला रखी गई। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रध्दालु और ग्रामीणजन उपस्थित रहे। वहीं ग्रामीणों ने बताया कि मंदिर परिसर में स्थित हनुमान और शिव मंदिर काफी दशक पुराना है। समय के साथ मंदिर का ढांचा जीर्ण-शीर्ण अर्थात् पुराना और कमजोर हो चुका था। जिसके कारण इसके नवनिर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। ग्रामीणों और मंदिर समिति की बैठक में सर्वसम्मति से मंदिर के नवनिर्माण की रूपरेखा तैयार की गई, जिसके क्रियान्वयन की शुरूआत रामनवमी के शुभ अवसर पर की गई है। आगे बताया कि भूमिपूजन का मुख्य कार्यक्रम मंदिर के पंडित प्रमोद दुबे के सानिध्य में संपन्न हुआ। जिन्होने विधि-विधान से भूमि का पूजन करवाया और उपस्थित जनसमूह के साथ मंदिर निर्माण के निर्विघ्न पूर्ण होने की प्रार्थना की। कार्यक्रम के दौरान पूरा परिसर जय श्री राम और जय हनुमान के नारों से गुंजायमान रहा। मंदिर समिति और ग्रामीणों के द्वारा मंदिर निर्माण में सक्रिय योगदान दिया जा रहा है। समिति ने क्षेत्र के समाजसेवी, धर्मप्रेमी जनता और ग्रामीणों से इस पुनीत कार्य में तन-मन-धन से सहयोग करने की अपील की है। ग्रामीणों का संकल्प है कि सभी के प्रयासों से यहां एक भव्य और आकर्षक मंदिर का निर्माण किया जायेगा, जो आने वाले समय में आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।









































