ग्रामीणों का पंचायत एवं विभाग पर अनदेखी, कार्य में लापरवाही का आरोप
पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। वारासिवनी जनपद पंचायत के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत मेहंदीवाड़ा में शासन की महत्वाकांक्षी नल जल योजना विभागीय लापरवाही की भेंट चढ़ती नजर आ रही है। हर घर नल, हर घर जल का नारा यहाँ पूरी तरह खोखला साबित हो रहा है। आलम यह है कि गाँव के कई हिस्सों में योजना का पानी पहुँच ही नहीं रहा है ,वहीं निर्माण एजेंसी के द्वारा पाइपलाइन बिछाने के नाम पर की गई अधूरी खुदाई ने बारिश के मौसम में रास्तों को जर्जर कर दिया है। इस अव्यवस्था से परेशान और आक्रोशित ग्रामीणों ने पंचायत एवं संबंधित विभाग पर भारी अनदेखी का आरोप लगाया है।
बिना तैयारी के काम और दोषपूर्ण एस्टीमेट
प्राप्त जानकारी के अनुसार मेहंदीवाड़ा की मुख्य बस्ती में लाखों रुपये की लागत से नल जल योजना स्वीकृत की गई थी। आरोप है कि शुरुआत में विभाग के द्वारा बिना किसी व्यवस्थित सर्वे के मात्र अनुमानित एस्टीमेट के आधार पर काम शुरू करा दिया गया। योजना के तहत पानी की टंकी का निर्माण तो कर दिया गया लेकिन ना तो पुरानी जर्जर पाइपलाइन को बदला गया और ना ही गाँव में नई पाइपलाइन का उचित विस्तार किया गया। नतीजतन टंकी का सुचारू संचालन नहीं हो सका और ग्रामीण पानी की बूंद बूंद को तरसते रहे। योजना की विफ लता को देखते हुए विभाग ने बचे हुए काम को पूरा करने के लिए एक रिवाइज्ड एस्टीमेट तैयार किया। इसके तहत नई पाइपलाइन बिछाई जानी थी लेकिन निर्माण कंपनी ने भरी बरसात के बीच बस्ती के अंदर और नदी की ओर जाने वाले रास्तों पर खुदाई शुरू कर दी। सबसे बड़ी परेशानी यह है कि जगह जगह गड्ढे खोदकर और आधा अधूरा पाइप डालकर काम को बीच में ही रोक दिया गया है। इससे आवागमन के लायक बचे रास्ते भी कीचड़ में तब्दील हो गए हैं और ग्रामीणों का पैदल चलना तक मुहाल हो गया है। लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद नल जल योजना का लाभ नही मिलने से ग्रामीण आज भी कुओं और अन्य पारंपरिक जल स्रोतों से पानी ढोने को मजबूर हैं। अपनी इन दैनिक समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने कई बार ग्राम पंचायत और संबंधित विभाग से शिकायत की लेकिन अब तक जिम्मेदारों ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने मांग की है कि जल्द से जल्द अधूरे कार्य को पूर्ण कर सभी घरों तक पानी पहुँचाया जाए और खोदे गए रास्तों को दुरुस्त किया जाए।
ग्रामवासियों को नही मिल रहा नल जल योजना से पानी ग्रामीणों में आक्रोश – राजू लिमजे
राजू लिमजे ने बताया की गांव में नल जल योजना का कार्य अधूरा पड़ा हुआ है कहीं पानी मिल रहा है कहीं पानी नहीं मिल रहा है। जगह.जगह खोदकर रख दिया गया है वहां मलमा भी भर गया है गांव वालों को समस्या हो रही है क्योंकि हर गली में नाली खोदी गई है। नल वाला हिस्सा बुझ गया है पाइप तो लगा दिए हैं पर समस्या यह है कि लोग अब नदी के घाट या अपने खेत बड़ी मुश्किल से जा रहे हैं। पहले जल्दी में योजना बनाए थे जिसमें कई काम छूट गए थे वह अब कर रहे हैं तो उसमें भी कहीं पानी मिला है कहीं नहीं मिला है। यह लोग नदी वाले कुएं या अन्य स्थानों से पानी ला रहे हैं यह पीएचई काम कर रही है पर पंचायत का भी ध्यान नहीं है। ढेकेदार के आदमी दो दिन आते हैं १५ दिन काम बंद रहता है ऐसा रुक.रुक कर चल रहा है हर कोई परेशान है।
इनका कहना है
नई नल जल योजना की मोटर जल गई थी तो मिस्त्री नहीं आया बोर भी बैठ गया तो मशीन की जरूरत थी। पहले जो योजना का एस्टीमेट कैसा बना है तो पता नहीं अभी फि र एक दूसरा एस्टीमेट बना है। बरसात में काम चालू हुआ है पुरानी पाइपलाइन से अभी हम पानी दे रहे हैं और साफ सफाई की व्यवस्था कर रहे हैं।
किशोर तामेश्वर सरपंच प्रतिनिधि मेहंदीवाड़ा










































