अंकारा: तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने इजरायल के खिलाफ आक्रामक बयानबाजी की है। एर्दोगन ने रविवार को एक बयान में इजरायल पर सैन्य हमले की धमकी दी है। उन्होंने कहा कि तुर्की उसी तरह इजरायल में सैन्य हस्तक्षेप कर सकता है, जैसा पूर्व में लीबिया और नागोर्नो-काराबाख में वह कर चुका है। एर्दोगन के बयान से तुर्की-इजरायल में तनाव बढ़ सकता है। दोनों देशों का रिश्ता पहले ही काफी ज्यादा तनातनी का रहा है।
इजरायली वेबसाइट वायनेट की रिपोर्ट के मुताबिक, एर्दोगन ने एक भाषण के दौरान कहा कि जिस तरह हम लीबिया और काराबाख में घुसे थे, उसी तरह हम इजरायल में घुस सकते हैं। तुर्की ऐसा कर सकता है। तुर्की के पास ऐसा ना करने का कोई कारण नहीं है। इसके लिए ताकत और एकता की जरूरत है, जो हमारे पास है।










































