संदिग्ध अवस्था मे फांसी लटका मिला युवक का शव,

0

पदमेश न्यूज़,बालाघाट।बैहर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत सहेजना के ग्राम मोतीटोला झाड़ियों में पुलिस ने एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था मे फाँसी में लटका हुआ बरामद किया है।मृतक युवक का नाम प्रकाश चौरठे उम्र 35 वर्ष ग्राम झांगुल मोतीटोला निवासी बताया गया हैं।जिसके परिजनों द्वारा हत्या की आंशका जताई गई है।

फार्महाउस में सुपरवाइजर था प्रकाश, एक दिन पूर्व हुआ था लापता
प्राप्त जानकारी अनुसार, मृतक युवक प्रकाश चौरठे मोतीटोला में फार्महाऊस में सुपरवाइजर का काम करता था।बताया गया उक्त फार्महाउस में अगरबत्ती बनती है और सब्जी की खेती होती है। जहां पर वह रोजाना सुपरविजन के कार्य के लिए जाता था।बताया गया कि युवक की शादी हुए करीब 9 साल हो गए थे लेकिन उसे कोई संतान नहीं है। प्रतिदिन की तरह प्रकाश 13 अप्रैल की सुबह फार्महाऊस में कार्य करने के लिए गया, 5 बजे करीब फार्महाऊस में मोटर पंप को बंद करने के लिए मशनी नाला में गया हुआ था। लेकिन वह वापस लौटकर नहीं आया।जिसपर मजदूरों ने परिजनों को जानकारी दी, परिजनों ने उसकी तलाशी शुरू कर दी। देर रात्रि तक परिजनों ने ग्रामीणों के सहायोग से तलाशा लेकिन प्रकाश का कहीं पता नहीं चला।जिसपर परिजनों द्वारा बैहर पुलिस को प्रकाश के गुम होने की सुचना दी गई थी।

फाँसी में लटके शव के बंधे थे दोनो पैर
बताया गया कि रात भर तलाश करने के बाद अगले ही दिन 14 अप्रैल की सुबह पुन: नाला की ओर प्रकाश की तलाश की गई, तो प्रकाश के दोनों पैर बंधे हुए और झाडिय़ों में बैल बांधने के रस्से से फांसी पर लटका हुआ पाया गया। वहीं उसके कुछ दूरी पर मोबाईल था और किसी अन्य का गमछा, हेडफोन और हाथ का कड़ा पाया गया।संदिग्ध अवस्था में फाँसी पर लटका शव मिलने पर उनके परिजनों द्वारा प्रकाश की हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस परिस्थिति में शव मिलने से प्रतित होता हैं कि किसी अन्य लोगों द्वारा प्रकाश की हत्या कर उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया होंगा।उधर सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची एसएफएल टीम ने जांच के उपरांत आवश्यक कार्यवाही की, वही पुलिस ने पंचनामा कार्यवाही के उपरांत शव बरामद कर मर्ग कायम किया। वहीं परिजनों के बयान दर्ज कर अन्य आवश्यक कार्यवाही के बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार के लिए शव उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। तो वही इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई

किसी ने प्रकाश की हत्या की होंगी- विनोद
मृतक के चाचा विनोद चौरठे ने बताया कि प्रकाश कम्पनी में काम करता था, आज सुबह नाला के पास में झाडिय़ों में उसका शव फाँसी के फंदे पर लटका मिला है, प्रकाश के पैर बंधे हुए थे, मोबाइल भी दुर पड़ा था,वही अन्य किसी व्यक्ति का गमछा और हेड फोन भी घटना स्थल पर पाया गया है, हमें आशंका है कि किसी ने प्रकाश की हत्या कर उसे फांसी के फंदे पर लटका दिया गया है।पुलिस को जांच करनी चाहिए।

पीएम रिपोर्ट और तथ्यों के आधार पर होगी आगामी कार्यवाही -मर्सकोले
इस पूरे मामले को लेकर दूरभाष पर की गई चर्चा के दौरान बैहर थाना प्रभारी जयंत मर्सकोले ने युवक की मौत को प्रथम दृष्टिया आत्महत्या बताया है। उन्होने बताया कि प्रथम दृष्या आत्महत्या प्रतित होती हैं।पीएम रिपोर्ट और जांच उपरांत जो भी तथ्य सामने आएगे उसी आधार पर आगामी कार्यवाही की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here