बीजाटोला स्कूल में गरबा की धूम, नन्हे-मुन्नों ने बिखेरा हुनर

0

मां काली की जीवंत झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, देवी गीतों और गरबा नृत्य से भक्तिमय हुआ विद्यालय परिसर
फोटो
पदमेश न्यूज़। परसवाड़ा। नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर बीजाटोला स्कूल में गरबा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे परिधानों में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गरबा नृत्य और देवी गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित पालकों, अतिथियों और ग्रामीणजनों का मन मोह लिया। वहीं, मां काली की जीवंत झांकी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जिसे देखकर पूरा विद्यालय परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंज उठा।कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। देवी गीतों पर उनकी मनमोहक अदाओं, आकर्षक वेशभूषा और शानदार प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। जैसे ही मंच पर मां काली की झांकी प्रस्तुत की गई, वातावरण भक्तिमय हो उठा। झांकी के माध्यम से बच्चों ने धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम में मौजूद पालकों और अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना की।

नौ वर्षों से संस्कृति और संस्कारों को बढ़ावा दे रहा संस्थान
इस अवसर पर संस्थान की प्रचार्या नीतू श्रीवास्तव ने चर्चा के दौरान बताया कि विद्यालय पिछले नौ वर्षों से लगातार ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन कर रहा है। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल बच्चों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ना भी है। बच्चों में अपनी सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान और गर्व की भावना विकसित करना तथा उन्हें सकारात्मक वातावरण प्रदान करना संस्थान की प्राथमिकता है।उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ ही उनमें आत्मविश्वास, रचनात्मकता और सामूहिक सहभागिता की भावना भी विकसित करते हैं।कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, पालकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों की उपस्थिति रही। सभी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पालकों, अतिथियों और उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।इस दौरान, सुधीर कुमार श्रीवास्तव शिक्षकगण सीएस कटरे, कीर्ति टेम्भरे, संगीता बघेले, वंदना पटले, निशा सोनी, संगीता चौधरी, प्रियंका एडे, अम्बिका एडे, प्रीति पटले, लक्ष्मी बिसेन एवं ओमेश्वरी पटले उपस्थित रहे। वहीं पालकों में मुनेश वंशपाल, हेमेंद्र पटले, देवेश पटले, आशीष बारेकर सहित अन्य गणमान्यजन मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here