नरसिंहपुर। जिले के गाडरवारा स्थित बस स्टैंड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक खाली खड़ी बस में अचानक आग लग गई।देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
लोगों में दहशत फैल गई
घटना के दौरान दूर-दूर तक काले धुएं का गुबार उठता रहा, जिससे बस स्टैंड परिसर में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस स्टैंड पर खड़ी बस में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, उस समय बस खाली थी, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग इतनी भीषण थी कि बस पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई।
मामले की जांच
घटना के बाद प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शॉर्ट सर्किट सहित अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।










































