पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। सनातन धर्म में लोक पर्वों और पारंपरिक पूजा पद्धतियों का विशेष महत्व है जो ना केवल परिवार में सुख समृद्धि लाते हैं बल्कि नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से भी जोड़ते हैं। इसी कड़ी में आज नगर के परशुराम भवन में सर्व ब्राह्मण समाज महिला मंडल के द्वारा सुहागली पूजा का भव्य आयोजन किया गया। इस सामूहिक पूजन में समाज की महिलाओं ने बढ.चढकर हिस्सा लिया और विधि विधान से अपने अखंड सुहाग की रक्षा एवं परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना की। पूजन के दौरान परशुराम भवन का वातावरण भक्तिमय और उत्सव जैसा नजर आया। सुहागिन महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज धजकर सोलह श्रृंगार के साथ पूजा संपन्न की। पूजन स्थल पर धूप दीप और सुहाग सामग्री की खुशबू के बीच महिलाओं ने सामूहिक रूप से मंगल गीत गाए और परंपरागत रीति.रिवाजों का पालन किया। इस धार्मिक आयोजन के साथ ही समाज की आगामी गतिविधियों पर भी चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि आगामी १९ अप्रैल को आराध्य भगवान परशुराम की जयंती अत्यंत भव्य और गरिमामय रूप से मनाई जाएगी। महिला मंडल ने इस उपलक्ष्य में अभी से तैयारियां शुरू कर दी हैं। शोभायात्रा सांस्कृतिक कार्यक्रम और महाप्रसाद जैसे आयोजनों को लेकर रूपरेखा तैयार की जा रही है। ताकि जयंती महोत्सव को ऐतिहासिक बनाया जा सके। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने समाज में एकता और समरसता बनाए रखने का संकल्प लिया। सुहागली पूजा के इस सामूहिक आयोजन ने ना केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया बल्कि सामाजिक एकजुटता का भी एक बेहतरीन उदाहरण पेश किया। महिला समिति की अध्यक्ष श्रीमती पूनम झा ने कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा की सनातन परंपरा में सुहागली पूजा का विशेष आध्यात्मिक महत्व है। आज की इस भागदौड़ भरी जिंदगी में इन परंपराओं को सहेज कर रखना आवश्यक है। सभी महिलाओं ने इस आयोजन में अपार उत्साह दिखाया है। हमारा मुख्य उद्देश्य इस पूजा के माध्यम से नई पीढ़ी की बेटियों और बहुओं को अपने संस्कारों से अवगत कराना है ताकि वे भी अपनी संस्कृति पर गर्व कर सकें। इस अवसर पर श्रीमती पूनम झा,श्रीमती प्रियंका शर्मा, श्रीमती उषा मिश्रा,श्रीमती यामिनी त्रिवेदी, श्रीमती रीता मिश्रा,श्रीमती रश्मि मिश्रा, श्रीमती भारती आड़े, श्रीमती नीतू मिश्रा,श्रीमती राधा दुबे, श्रीमती वर्षा मिश्रा, श्रीमती हेमलता दुबे, श्रीमती पुष्पा शर्मा, श्रीमती रेखा मिश्रा,श्रीमती पूजा मिश्रा,श्रीमती निशा मिश्रा, श्रीमती रानू दूबे,श्रीमती चारू शर्मा, श्रीमती संगीता वैष्णव, श्रीमती रेनू मिश्रा,श्वेता शर्मा, श्रीमती वर्षा मिश्रा, श्रीमती उषा मिश्रा, श्रीमती अर्चना चौबे, किरण दूबे, प्रिती मिश्रा,अनुपमा तिवारी, लोरी जोशी सहित अन्य महिलायें मौजूद रही।










































