आईपीएल 2026 के एक और धमाकेदार शनिवार के डबल हेडर के पहले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) अपने घर में पंजाब किंग्स (PBKS) की मेजबानी करने वाली है। PBKS इस सीजन इकलौती टीम है जो अब तक एक भी मैच नहीं हारी है। दूसरी ओर DC को छह में से तीन मैचों में हार मिली है। दोनों टीमों का हेड टू हेड रिकॉर्ड एकदम बराबरी का रहा है। दोनों टीमों के बीच कुल 34 मैच खेले गए हैं जिसमें से दोनों को 17-17 में जीत मिली है। दिल्ली में खेले गए 12 मैचों में दोनों टीमों ने 6-6 में जीत दर्ज की है।
आंकड़ों पर गौर करें तो दिल्ली के लिए बड़े लक्ष्यों का पीछा करना एक बुरा सपना साबित हो रहा है। 2024 के बाद से दिल्ली कैपिटल्स ने 200 से अधिक रनों के 10 लक्ष्यों का पीछा किया है, जिनमें से वे केवल दो बार ही जीत पाए हैं। इस सीजन में भी दिल्ली ने 180 से कम के लक्ष्य तो आसानी से हासिल कर लिए, लेकिन जैसे ही लक्ष्य 200 के पार गया, टीम बिखर गई।
पंजाब से मिलेगी कठिन चुनौती
अगर पंजाब पहले बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर बनाती है, तो दिल्ली के लिए राह बहुत मुश्किल होने वाली है।वहीं, पंजाब किंग्स ने 200 के पार का स्कोर बेहद आसानी से चेज किया है। पंजाब की मजबूत बैटिंग लाइनअप के सामने दिल्ली के गेंदबाजों के लिए बेहद कठिन चुनौती होगी।










































