पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर की सडक़ों पर बीते कुछ दिनों से आतंक का पर्याय बने आवारा मवेशियों के खिलाफ नगर पालिका प्रशासन ने कमर कस ली है। लगातार बढ़ती दुर्घटनाओं और यातायात में आ रही बाधा को देखते हुए २४ अप्रैल की रात नगर पालिका के हांका गैंग ने विशेष रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब एक दर्जन से अधिक मवेशियों को पकडक़र कांजी हाउस पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर के पशुपालकों द्वारा अपने मवेशियों को खुला छोड़ देने के कारण ये मवेशी रामपायली, लालबर्रा, कटंगी और बालाघाट मुख्य मार्गों पर डेरा जमाये रहते हैं। विशेषकर रात्रि के समय अंधेरे में ये मवेशी सडक़ के बीचों बीच बैठे रहते हैं जिससे मोटरसाइकिल चालक इन्हें देख नहीं पाते और गंभीर सडक़ दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार रात हांका गैंग के एक दर्जन से अधिक कर्मचारी मुस्तैद दिखे। टीम ने नगर के विभिन्न सडक़ मार्गों सहित मुख्य बस स्टैंड क्षेत्र सब्जी बाजार प्रमुख चौराहा मार्ग में एनिमल कैचर वाहन के माध्यम से आवारा मवेशियों को घेराबंदी कर पकड़ा। कार्यवाही के दौरान करीब १ दर्जन से अधिक मवेशियों को पकडक़र सुरक्षित रूप से कांजी हाउस में दाखिल कराया गया है।










































