5 करोड़ की फिरौती के लिए बिल्डर की ‘रेकी’, सोनू ने हैरी बॉक्सर को भेजे घर के फोटो, गिरफ्तार

0

इंदौर: देश के सबसे खतरनाक गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और विदेश में बैठे हैरी बॉक्सर का खौफनाक सिंडिकेट अब मध्य प्रदेश के आर्थिक केंद्र इंदौर को निशाना बना रहा है। क्राइम ब्रांच की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी रितेश उर्फ सोनू खंगार ने सनसनीखेज खुलासा किया है कि वह इंदौर के नामी बिल्डर विवेक दम्मानी की पल-पल की जानकारी हैरी बॉक्सर तक पहुंचा रहा था। मकसद साफ था, 5 करोड़ रुपये की मोटी फिरौती और दहशत फैलाने के लिए बिल्डर के घर या ऑफिस पर फायरिंग करना।

रेकी का हाई-टेक तरीका और विदेशी कनेक्शन

डीसीपी (अपराध) राजेश त्रिपाठी के मुताबिक, इस नेटवर्क की कड़ियां बेहद उलझी हुई हैं। मुख्य आरोपी राजपाल चंद्रावत (निवासी नागदा) फिलहाल कसरावद जेल में है, जिसने सोनू को बिल्डर की रेकी का काम सौंपा था। सोनू ने न केवल बिल्डर के रेसकोर्स रोड स्थित घर की लोकेशन ट्रेस की, बल्कि उनके ऑफिस और निजी गतिविधियों की फोटो भी खींची। ये तमाम जानकारियां फेस टाइम के जरिए सीधे हैरी बॉक्सर तक पहुंचाई जा रही थीं, ताकि भारत में बैठे गुर्गों को पकड़े जाने का जोखिम कम रहे।


ड्राइवर से बना गैंगस्टर का गुर्गा

पेशे से ड्राइवर सोनू खंगार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है। उस पर पहले ही 9 मुकदमे दर्ज हैं। वह राजपाल के जरिए इस बड़े सिंडिकेट से जुड़ा। जांच में सामने आया है कि राजपाल ने न केवल बिल्डर दम्मानी, बल्कि बायो-कॉटन कारोबारी दिलीपसिंह राठौर को भी धमकाने का प्लान बनाया था। पुलिस अब उन अन्य लोगों की तलाश कर रही है जो शहर में रहकर इन गैंगस्टर्स के लिए आंख और कान का काम कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here