पूर्व विधायक शशांक भार्गव पर सनसनीखेज आरोप लगाने के बाद मृत मिले ग्राम बेहलोट के किसान गोविंद गुर्जर का मंगलवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस बीच एसपी रोहित काशवानी ने किसान की मौत और उसके लगाए आरोपों की जांच के लिए लटेरी एसडीओपी अमरेश बोहरे के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित कर दिया है।जीतू पटवारी ने न्यायिक जांच की मांग की
वहीं, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इसे जंगलराज बताते हुए आरोपों की न्यायिक जांच कराने की मांग की है। सोमवार को किसान गोविंद गुर्जर का शव रेल ट्रेक पर मिला था। उसके बाद किसान के बनाए पांच वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हुए। इसमें आरोप लगाए गए कि पूर्व विधायक शशांक भार्गव उस पर केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और विदिशा विधायक मुकेश टंडन की हत्या करवाने का दबाव बना रहे हैं।










































