चेन्नई: रोहित शर्मा इंजरी की वजह से आईपीएल 2026 में अभी नहीं खेल रहे हैं। वह टीम के साथ हर मैच में नजर आते हैं लेकिन प्लेइंग इलेवन में नहीं होते। आरसीबी के खिलाफ सीजन के 20वें मैच के दौरान रोहित के हैमस्ट्रिंग में दिक्कत आई थी। वह रिटायर्ड हर्ट हो गए थे। तब बताया गया था कि उन्हें गंभीर चोट नहीं है। लेकिन इसके बाद भी अभी तक प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है। इसके बाद भी रोहित डगआउट से ही मुंबई की मदद कर रहे हैं।
रोहित के सुझाव से मिला विकेट
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा का सुझाव काम आ गया। संजू सैमसन के आउट होने के बाद भी चेन्नई सुपर किंग्स तेजी से रन बना रही थी। 5वें ओवर में रोहित ने डगआउट से स्पिनर को गेंदबाजी करने का इशारा किया। अगले ओवर में कप्तान हार्दिक पंड्या अल्लाह अजनफर को लेकर आए। उन्होंने चौथी गेंद पर तेजी से रन बना रहे उर्विल पटेल को बोल्ड कर दिया। उर्विल ने 12 गेंदों पर 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 24 रन बनाए। स्टार स्पोर्ट्स ने इसे लेकर पोस्ट भी शेयर किया है।










































