भारतीय मुद्रा में बड़ी गिरावट, 1 डॉलर की कीमत 95 रुपये से अधिक हुई, जानें ताजा रेट

0

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपये में गिरावट थम नहीं रही है। रुपया सोमवार को 39 पैसे टूटकर अब तक के सबसे निचले स्तर 95.23 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच वैश्विक बाजारों में अस्थिरता, तेल की कीमतों में उछाल और मुद्रास्फीति और आर्थिक नरमी की आशंकाएं बढ़ने से घरेलू मुद्रा दबाव में है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि ब्रेंट तेल की कीमत 110 डॉलर के आसपास बनी हुई है जिससे भारत जैसी तेल आयात करने वाली अर्थव्यवस्थाएं दबाव में हैं। इसके अलावा, वैश्विक अनिश्चितताओं में वृद्धि के बीच विदेशी पूंजी की निरंतर निकासी जैसे कारकों ने निवेशकों के विश्वास को और भी कमजोर किया है।

कमजोर खुला था रुपया

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.95 पर खुला। कारोबार के दौरान इसमें गिरावट जारी रही और अंत में 95.23 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा जो पिछले बंद भाव से 39 पैसे की गिरावट है। रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.84 पर बंद हुआ था। ’महाराष्ट्र दिवस’ के उपलक्ष्य में शुक्रवार को शेयर बाजार और मुद्रा बाजार बंद थे।

करेंसी एक्सपर्ट का क्या है कहना?

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ अनुसंधान विश्लेषक दिलीप परमार ने कहा कि डॉलर में मजबूती और कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से भारतीय रुपया रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया है। तेल की कीमतों में लगातार हो रही इस वृद्धि और विदेशी पूंजी की निकासी से भारत के व्यापार संतुलन एवं कुल मिलाकर अर्थव्यवस्था पर स्पष्ट दबाव पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डॉलर की निरंतर मांग से अल्पावधि में रुपये पर दबाव बने रहने के आसार हैं जिससे डॉलर के मुकाबले रुपया 95.35 से 95.70 के स्तर के बीच रह सकता हे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here