नई दिल्ली, (भाषा)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट पिछले महीने उंगली में लगी चोट का स्कैन कराने के लिए इंग्लैंड लौट गए हैं। इस चोट के कारण सॉल्ट आरसीबी के पिछले तीन मैचों में नहीं खेल पाए थे। उनकी जगह उनके हमवतन जैकब बेथेल ने विराट कोहली के साथ पारी का आगाज किया।
यह 29 वर्षीय खिलाड़ी 18 अप्रैल को एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच के दौरान डीप बैकवर्ड स्क्वायर लेग पर बाउंड्री बचाने के लिए डाइव लगाते समय चोटिल हो गया था। उनकी बाएं हाथ की उंगली में चोट लग गई थी। इसके चलते उन्हें प्लेइंग से बाहर बैठना पड़ा।
जल्द लौटेंगे भारत
ईएसपीएनक्रिकइंफो के अनुसार, ईसीबी (इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड) से अनुबंधित सॉल्ट इंग्लैंड के टीम प्रबंधन के अनुरोध पर स्वदेश लौट गए हैं और उनकी उंगली का स्कैन किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार आरसीबी और सॉल्ट दोनों को उम्मीद है कि वह जल्द फिट हो जाएंगे और वह इस महीने बाद में भारत लौट सकते हैं।बेथल को मिली है ओपनिंग जिम्मेदारी
सॉल्ट ने मौजूदा आईपीएल में छह पारियों में 168.33 के स्ट्राइक रेट से 202 रन बनाए थे। आरसीबी फिलहाल पंजाब किंग्स के बाद अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है। उसका अगला मुकाबला गुरुवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से होगा। सॉल्ट की जगह विराट कोहली के साथ जैकेब बेथल ओपनिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
तीन मैच में बनाए हैं 39 रन
जैकेब बेथल ने आरसीबी के लिए अभी तक मात्र तीन मैच खेले हैं। इन तीन मैचों में उनका प्रदर्शन प्रभावशाली नहीं रहा है। वह 150.00 की स्ट्राइक और मात्र 13.00 की औसत से 39 रन बना सके हैं। उनके बल्ले से पांच चौके और 2 छक्के निकल चुके हैं।
प्लेऑफ की दहलीज पर आरसीबी
आरसीबी प्लेऑफ की दहलीज पर खड़ी है। डिफेंडिंग चैंपियन ने 9 मैच में से 6 जीत और 12 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। प्लेऑफ खेलने के लिए टीम को बाकी के पांच मैच में से दो मैच जीतने होंगे। रजत पाटीदार की कप्तानी में टीम जिस फॉर्म में है उसे देखते हुए यह बेहद आसान लग रहा है।










































