नई दिल्ली: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ओपनर जैकब बेथेल के साथ रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के मैच के दौरान एक अजीब वाकया हुआ। कार्तिक त्यागी की पटकी हुई गेंद पर बेथेल आउट हुए। गेंद उनके बल्ले में लगने के बाद हेलमेट पर लगी और हवा में चली गई। गेंदबाज कार्तिक त्यागी ने आसान कैच लपक लिया। इससे बेथेल को पवेलियन लौटना पड़ा।
जैकब बेथेल की गोल्ड चेन टूटकर गिरी
कार्तिक त्यागी के बाउंसर को जैकब बेथेल ने पुल करने में देरी कर दी। इस गेंद की स्पीड करीब 143 किमी प्रति घंटे की थी। जब जैकब बेथेल के हेलमेट पर लगा तो उस दौरान उनका सोने का चेन टूटकर पिच पर ही गिर गया। बेथेल को इसका कोई अंदाजा नहीं था और वह आउट होने के बाद पवेलियन लौट गए।जैकब बेथेल के आउट होने के बाद देवदत्त पडिक्कल बल्लेबाजी करने के लिए क्रीज पर उतरे। तब उन्होंने वहां चेन पड़ी हुई देखी। पडिक्कल ने इसे उठाकर अंपायर को दे दिया।
6 मैचों में बेथेल के सिर्फ 85 रन
इंग्लैंड के विस्फोटक युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल फॉर्म से जूझ रहे हैं। आईपीएल 2026 के शुरुआती मैचों में वह बेंच पर थे। फिल साल्ट की इंजरी के बाद बेथेल को प्लेइंग इलेवन में मौका मिला। अभी तक उन्होंने 6 मैच खेले हैं। इसमें 14 की औसत और 121 की स्ट्राइक रेट से सिर्फ 85 रन बना पाए हैं। उनकी सबसे बड़ी पारी 27 रनों की है। टी20 विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में भारत के खिलाफ बेथेल ने नाबाद शतक लगाया था।










































