नई दिल्ली: डेयरी मिल्क और फाइव स्टार चॉकलेट्स बनाने वाली कंपनी कैडबरी का एक स्क्रीनशॉट आजकल सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि कंपनी भारत में हलाल प्रमाणित बीफ प्रोडक्ट्स बेच रही है और कंपनी ने खुद इसे स्वीकार किया है। वॉट्सऐप ग्रुप और सोशल मीडिया पर इसे जमकर शेयर किया जा रहा है और लोगों को कंपनी के चॉकलेट्स से दूर रहने का आह्वान किया जा रहा है। हालांकि कंपनी ने इसका खंडन किया है।
कैडबरी की पेरेंट कंपनी मोंडलेज दुनिया की प्रमुख कनफेक्शनरी, फूड और बेवरेज कंपनी है जो डेयरी मिल्क, ओरियो और बॉर्नबिटा जैसे पॉपुलर ब्रांड्स बनाती है। भारत में यह कंपनी मोंडलेज इंडिया फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से ऑपरेट करती है। कंपनी का कहना है कि भारत में बेची जाने वाली कैडबरी चॉकलेट में बीफ होने के दावे में कोई सच्चाई नहीं है। यह दावा पूरी तरह फर्जी और गुमराह करने वाला है।










































