बालाघाट जिले में अवैध रेत उत्खनन एवं व्यापार करने वालों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना वारासिवनी पुलिस ने कंटगी रोड स्थित विजय नगर कॉलोनी के एक प्लॉट पर अवैध रूप से डंप की गई रेत के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ लिया तथा मौके से लगभग 100 ट्रॉली अवैध रेत जप्त की। पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि विजय नगर कॉलोनी स्थित एक प्लॉट पर अवैध रूप से रेत डंप कर उसका परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना वारासिवनी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। इस दौरान रेत लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहन क्रमांक MP50AA2619 को जप्त किया गया। मामले में आरोपी चालक युवराज बाहेश्वर 26 वर्ष खंडवा थाना वारासिवनी निवासी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
इस मामले में थाना वारासिवनी में अपराध क्रमांक 209/26 दर्ज कर धारा 303(2), 317(5) बीएनएस, 21/4 खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा 53(1) म.प्र. गौण खनिज अधिनियम 1996 के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध खनिज कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उक्त कार्रवाई में थाना वारासिवनी पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।










































