नई दिल्ली: केंद्रीय जांच एजेंसी एनआईए ने पाकिस्तान लिंक्ड आतंकी साजिश मामले में उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार और महाराष्ट्र में 12 स्थानों पर छापेमारी की। पाकिस्तानी ऑपरेटिव जसवीर चौधरी और उसके भारत में सक्रिय गुर्गों ने ड्रोन के जरिए भारत-पाकिस्तान सीमा से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और IED मंगाए थे। इनका मकसद पंजाब, दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में ब्लास्ट का था। हालांकि, उसकी साजिश सफल होती उससे पहले भी एनआईए ने एक्शन तेज कर दिया।
यूपी, बिहार, राजस्थान, महाराष्ट्र में छापेमारी
अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने शुक्रवार को एक साथ चार राज्यों के 12 ठिकानों पर छापेमारी अभियान चलाया। इसमें एक पाकिस्तानी एजेंट और सीमा पार से रची गई कथित आतंकी साजिश का मामला सामने आ रहा है। यह तलाशी अभियान उत्तर प्रदेश में पांच ठिकानों पर चला। इसके अलावा राजस्थान, बिहार में दो-दो जगहों पर और महाराष्ट्र में तीन जगह पर छापेमारी की गई। ये कार्रवाई उन लोगों को निशाना बनाकर की गई, जिन पर इस मामले से जुड़े होने का शक है।










































