नई दिल्ली: केंद्र सरकार देश के उन जिलों में अत्याधुनिक एयर रेड वॉर्निंग सिस्टम लगाने पर काम कर रही है, जो संवेदनशील हैं या दुश्मनों के हवाई हमलों की स्थिति में सबसे पहले चपेट में आ सकते हैं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश देख चुका है कि पश्चिमी सीमा पर राजस्थान से लेकर जम्मू और कश्मीर तक पाकिस्तान ने कौड़ियों के भाव वाले तुर्की के सैकड़ों ड्रोन भेजकर किस तरह से दहशत मचाने की कोशिश की थी।
केंद्र जिस अत्याधुनिक एयर रेड वॉर्निंग सिस्टम (ARWS) प्रोजेक्ट पर काम कर रहा है, HT की एक रिपोर्ट के अनुसार इसके लिए एयर फोर्स के पूर्व अधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है। रिपोर्ट में इस मामले की जानकारी रखने वाले अफसरों के हवाले से बताया गया है कि इस प्रोजेक्ट की अगुवाई एयर फोर्स के ऐसे पूर्व अफसर करेंगे, जो एयर डिफेंस ऑपरेशन के क्षेत्र में पूरी तरह से कुशल हैं।










































