एक आदमी के पास कितने SIM कार्ड हो सकते हैं? TRAI का नियम क्या है?

0

आज के समय में कई लोग निजी इस्तेमाल के साथ-साथ बिजनेस, बैंकिंग और दूसरे कामों के लिए अलग-अलग मोबाइल नंबर रखते हैं। ऐसे में अक्सर सवाल उठता है कि एक व्यक्ति अपने नाम पर कितने SIM कार्ड ले सकता है। टेलीकॉम रेगुलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) और सरकार ने SIM कार्ड की संख्या को लेकर कुछ नियम तय किए हैं, ताकि फर्जी नंबरों और धोखाधड़ी को रोका जा सके।

एक व्यक्ति के नाम पर कितने SIM कार्ड हो सकते हैं?

भारत में एक व्यक्ति अपने नाम पर अधिकतम 9 SIM कार्ड रख सकता है, हालांकि जम्मू-कश्मीर, असम और नॉर्थ-ईस्ट जैसे कुछ क्षेत्रों के लिए यह सीमा अलग है। इन क्षेत्रों में एक व्यक्ति अधिकतम 6 SIM कार्ड ही ले सकता है। यह नियम इसलिए बनाया गया है ताकि एक पहचान पत्र का गलत इस्तेमाल करके बड़ी संख्या में मोबाइल कनेक्शन जारी न किए जा सकें।SIM कार्ड लेने के लिए जरूरी है KYC

नया SIM कार्ड लेने के लिए ग्राहक को KYC (Know Your Customer) प्रक्रिया पूरी करनी होती है। इसके लिए पहचान और पते से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जाती है। अब ज्यादातर जगहों पर डिजिटल KYC और आधार आधारित वेरिफिकेशन के जरिए SIM जारी किए जाते हैं। KYC नियमों के कारण किसी दूसरे व्यक्ति के नाम पर SIM इस्तेमाल करना या गलत जानकारी देकर SIM लेना कानूनी परेशानी पैदा कर सकता है।

अपने नाम पर कितने SIM चल रहे हैं, ऐसे करें चेक

अगर आपको पता नहीं है कि आपके नाम पर कितने मोबाइल नंबर एक्टिव हैं, तो आप सरकार की सुविधा का इस्तेमाल करके इसकी जानकारी ले सकते हैं। इसके लिए Sanchar Saathi Portal पर जाकर “Know Your Mobile Connections” सुविधा का उपयोग किया जा सकता है। यहां मोबाइल नंबर दर्ज करके OTP के माध्यम से वेरिफिकेशन करने के बाद आपके नाम पर जारी SIM कार्ड की जानकारी मिल सकती है।

लिमिट से ज्यादा SIM रखने पर क्या होगा?

अगर किसी व्यक्ति के नाम पर तय सीमा से ज्यादा SIM कार्ड पाए जाते हैं, तो अतिरिक्त नंबरों को बंद किया जा सकता है। टेलीकॉम कंपनियां नियमों के अनुसार ऐसे कनेक्शन की जांच कर सकती हैं। इसके अलावा, अगर कोई SIM कार्ड फर्जी दस्तावेजों के आधार पर लिया गया है या उसका इस्तेमाल गलत गतिविधियों में होता है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई भी हो सकती है। सिम कार्ड के नियमों को तोड़ने पर आपको जेल की सजा भी हो सकती है।

SIM कार्ड से जुड़े नियमों का पालन जरूरी

मोबाइल नंबर आज बैंकिंग, डिजिटल पेमेंट और पहचान से जुड़े कई कामों में इस्तेमाल होते हैं। इसलिए अपने नाम पर मौजूद सभी SIM कार्ड की जानकारी रखना जरूरी है। अगर कोई ऐसा नंबर चल रहा है जिसका इस्तेमाल आप नहीं कर रहे हैं, तो उसे बंद करवाना बेहतर है। आपके नाम पर कितने सिम कार्ड एक्टिव हैं, इसे आप संचार साथी पोर्टल पर चेक करके बंद करा सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here