वारासिवनी में अवैध रेत परिवहन ने ली १४ वर्षीय मासूम की जान

0

पद्मेश न्यूज। वारासिवनी। नगर के वार्ड नंबर ६ अंतर्गत वारासिवनी लालबर्रा मार्ग पर स्थित गायत्री मंदिर के पास शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। टोंडिया नाले से अवैध रेत का परिवहन कर रहे एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से १४ वर्षीय नाबालिग बाल मजदूर हिमांशु बुरे की दर्दनाक मौत हो गई , घटना रात करीब १.३० बजे की है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए ना सिर्फ मामले का पर्दाफ ाश किया बल्कि दुर्घटना को डंपर का रूप देकर पुलिस को गुमराह करने की ट्रैक्टर मालिकों की साजिश को भी नाकाम कर दिया। मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर चालक और मालिक के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बाल मजदूरी के दलदल ने छीनी मासूम की जिंदगी

प्राप्त जानकारी के अनुसारए मृतक हिमांशु पिता राजेश बुरे उम्र १४ वर्ष थाना वारासिवनी के अंतर्गत वार्ड नंबर १ ग्राम वारा का निवासी था। वह अपनी आर्थिक स्थिति के चलते प्रतिदिन ट्रैक्टरों में मजदूरी करने जाता था। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को ट्रैक्टर मालिक शशांक दुबे खुद हिमांशु को मजदूरी के काम के लिए घर से लेकर गया था। हिमांशु बुरे शशांक दुबे के ट्रैक्टर चालक करण कुमले के साथ ट्रैक्टर पर सवार था। इस अवैध कारोबार में उनके साथ सोमू शुक्ला का ट्रैक्टर भी शामिल था। दोनों ट्रैक्टर वारासिवनी लालबर्रा मार्ग पर स्थित टोंडिया नाले से रेत चोरी करने के लिए गायत्री मंदिर के पीछे कच्चा रास्ता बनाकर नाले में उतरे थे। नाले से अवैध रूप से रेत भरकर जब ट्रैक्टर मुख्य मार्ग की ओर निकल रहा था तभी यह भीषण हादसा हुआ। ट्रैक्टर के टायर में लगी मिट्टी से बचने के लिए नाबालिग हिमांशु चलती हुई गाड़ी में ही ट्रैक्टर के मुंडे यानि मडगार्ड से ट्राली की तरफ जाने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर स्लिप हो गया और वह सीधे नीचे गिर गया। ट्रैक्टर की रफ्तार तेज होने के कारण हिमांशु ट्राली के पिछले चक्के की चपेट में आ गया जिससे मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

पुलिस को गुमराह करने की रची गई थी साजिश

हादसे के बाद चालक ने तुरंत इसकी सूचना ट्रैक्टर मालिक सोमू शुक्ला और शशांक दुबे को दी। कानून के शिकंजे से बचने के लिए ट्रैक्टर मालिकों ने एक सोची समझी साजिश रची। मालिकों के दबाव में आकर उनके साथियों ने पुलिस को झूठी और भ्रमित करने वाली सूचना दी कि बालक की मौत किसी अज्ञात रेत के डंपर की चपेट में आने से हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वारासिवनी पुलिस प्रशासन तुरंत मौके पर पहुंचा। घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण करने और वहां मौजूद लोगों से चर्चा करने के बाद पुलिस को कहानी में झोल नजर आया। कथित अज्ञात डंपर का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने नगर सहित नेवरगांव टोल टैक्स के सीसीटीवी फुटेज खंगाले लेकिन पूरी रात उस मार्ग पर किसी भी डंपर की आवाजाही की पुष्टि नहीं हुई। संदेह गहराने पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक करण कुमले को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की पुलिस की सख्ती के आगे चालक टूट गया और उसने सच उगल दिया। चालक ने स्वीकार किया कि दुर्घटना उसी के ट्रैक्टर से हुई थी। साथ ही उसने यह बड़ा खुलासा भी किया कि ट्रैक्टर मालिक सोमू शुक्ला और शशांक दुबे ने पुलिस को डंपर वाली झूठी कहानी सुनाने और गुमराह करने के लिए उस पर भारी दबाव बनाया था।

शव परिजनों को सौंपा आरोपियों पर मामला दर्ज

पूरी स्थिति साफ होने के बाद पुलिस ने शव का वारासिवनी के शव विच्छेदन गृह पोस्टमार्टम रूम में पंचनामा और पोस्टमार्टम कराकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मर्ग कायम कर ट्रैक्टर मालिक शशांक दुबे, सोमू शुक्ला और चालक करण कुमले के खिलाफ गैरइरादतन हत्या यानि सघंन धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच प्रारंभ कर दी है।

मेरा बेटा हिमांशु शशांक दुबे के टै्रक्टर में काम करने जाता था- राजेश बुरे

राजेश बुरे ने बताया कि मैं हिमांशु का पिता हूं यह जो घटना हुई इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं थी। घर पर मुझे बुलाने आए और बताया कि ऐसा हो गया है तो मैं रोते हुए अपने बड़े पिता के साथ गया। मेरे बड़े पिता ने देखा और उसे पहचान गायत्री मंदिर के पास मेरे बेटे को पूरा कुचल दिया गया था। यह शशांक दुबे के पास काम करता था और वही इसे बुलाने के लिए आया हुआ था।

सोमू शुक्ला एवं शशांक दुबे ने दबाव बनाया इसलिये मैने झुठ बोला-करण कुमले

ड्रायवर करण कुमले ने बताया कि रात में मैं रेत की गाड़ी लेकर जा रहा था मेरे साथ दो लडक़े मोंटू और हिमांशु ट्रैक्टर के दोनों तरफ बैठे हुए थे। रेत हम खाली करने जा रहे थे आगे शशांक दुबे चल रहा था बारिश के कारण टायर में मिट्टी लग रही थी। उससे बचने के लिए हिमांशु ट्राली की ओर जा रहा था जिसका पैर स्लिप होने से वह गिरा टायर की चपेट में आने से मौत हो गई। सोमू शुक्ला एवं शशांक दुबे ने दबाव बनाया की ट्रैक्टर नहीं डंपर की चपेट में आने से होना बताओ यह हमें कहा गया और हमने ऐसा ही पुलिस को बताया फि र मैं घर जाकर घटना बताया।

सोमू शुक्ला और शशांक दुबे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है-पवन यादव

थाना प्रभारी पवन यादव ने बताया कि रात में हमें सूचना मिली हिमांशु बुरे की ट्रक के नीचे दबने से मौत हो गई है। सूचना पर हम सुबह से तस्दीक कर रहे हैं उस समय नेवरगांव टोल एवं नगर के सीसीटीवी देखे पर कोई ट्रक का आवागमन नहीं दिखाई दिया। फि र यह बात सामने आई की सोमू शुक्ला एवं शशांक दुबे ट्रैक्टर से रेत भरकर आ रहे थे । हिमांशु ट्रैक्टर पर बैठा था जो ट्राली तरफ जा रहा था पैर फि सलने से वह गिरा और पहिए के नीचे आ गया १४ वर्ष उसकी उम्र है। हमने घटना की तस्दीक की है पूछताछ कर सोमू शुक्ला और शशांक दुबे के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। गायत्री मंदिर के पीछे नाले से यह रेत निकाल रहे थे एक ट्राली इन्होंने कॉलोनी में डाली है ड्राइवर की उम्र १९ वर्ष है लाइसेंस नहीं है। इसमें हमने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर ट्रैक्टर जप्त कर राउंडअप किया है।

बाइट राजेश बुरे मृतक का पिता

करण कुमले ड्रायवर

पवन यादव थाना प्रभारी वारासिवनी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here