उपचुनाव परिणाम, धनाराम पगरवार बने ग्राम पंचायत खुरपुड़ी के नये सरपंच

0

अपने निकटतम प्रतिद्वंदी महेश कावरे को २४ मतों से दी मात, समर्थकों ने जताया हर्ष

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में रिक्त पंच, सरपंच, जनपद सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्यों के पदों के लिए २९ सितंबर को उपचुनाव के लिए मतदान हुआ एवं ३ अक्टूबर को मतगणना कर परिणाम घोषित किया गया है जिसके साथ ही उपचुनाव की प्रक्रिया संपन्न हो चुकी है। इसी कड़ी में जनपद पंचायत लालबर्रा के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत खुरपुडी में सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव का परिणाम जनपद पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में शनिवार को कड़ी सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण के बीच मतगणना संपन्न हुई। उपचुनाव का परिणाम घोषित किया गया, जिसके बाद खुरपुड़ी पंचायत को नया सरपंच मिल गया है। इस उपचुनाव में कड़े मुकाबले में धनाराम पगरवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी महेश कावरे को २४ मतों से पराजित कर शानदार विजय हासिल की। मतगणना के अंतिम आंकड़ों के अनुसार विजेता प्रत्याशी धनाराम पगरवार को कुल ५३६ मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी महेश कावरे को ५१२ मत मिले। वहीं इस चुनाव में ५ मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। इस तरह से खुरपुड़ी पंचायत के सरपंच धनाराम पगरवार निर्वाचित हुए है जिन्हे करीब ६ माह का कार्यकाल मिलेगा। जीत प्राप्त करने के बाद उनके समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और आतिशबाजी कर जीत का जश्न मनाया। वहीं नवनियुक्त सरपंच धनाराम पगरवार ने मतदाताओं से भेंट कर चुनाव में मिले सहयोग के लिए सभी का आभार जताया और कहा कि सभी को शासन की जनकल्याणकारी योजना का लाभ दिलवाने एवं पंचायत क्षेत्र का विकास किये जाने आश्वस्त किया है।

आपको बता दें कि वर्ष २०२२-२३ में संपन्न हुए त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव में धन्नालाल कावरे सरपंच निर्वाचित हुए थे और उन्होने करीब साढे तीन वर्ष तक उनका कार्यकाल बेहतर रहा। किन्तु फरवरी २०२६ में अचानक तबियत खराब होने एवं हद्यगति रूक जाने से उनका दु:खद निधन हो गया था। जिसके बाद से खुरपुड़ी पंचायत में सरपंच का पद रिक्त हो गया था। वहीं सरपंच पद के लिए हुए उपचुनाव में जनता ने धनाराम पगरवार पर भरोसा जताया है। ३ अक्टूबर को जनपद पंचायत कार्यालय में हुई मतगणना में उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी महेशकुमार कावरे को २४ मतों के अंतर से पटखनी दी है। जिसके बाद से उनके समर्थकों में हर्ष की लहर व्याप्त है। वहीं मतगणना संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच को जीत का प्रमाण पत्र रिटर्निंग अधिकारी, तहसीलदार के द्वारा सौंपा गया। वहीं अपनी जीत पर प्रतिक्रिया देते हुए नवनियुक्त सरपंच श्री पगरवार ने कहा कि यह ग्रामवासियों के विश्वास की जीत है और वे पंचायत के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करेंगे। वहीं प्रशासनिक स्तर पर मतगणना प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारी तैनात रहे। निर्वाचन नियमों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता के साथ पूर्ण की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here