पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर के सबसे व्यस्ततम और महत्वपूर्ण माने जाने वाले हाई स्कूल मार्ग पर बीती रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रात के अंधेरे में किसी अज्ञात वाहन ने मार्ग पर लगी हाई मास्क लाइट के चबूतरे को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्ट्रीट लाइट का सीमेंटेड चबूतरा पूरी तरह से टूटकर क्षतिग्रस्त हो गया एवं जिस पोल पर हाई मास्क लाइट लगा हुआ था उसे भी नुकसान पहुंचा है। जिसके चलते लाइट बंद हो चुकी है और मैन चौक पर अंधेरा रहने से आवागमन करने वालों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा। गनीमत यह रही कि पोल सीधे तौर पर गिरकर नहीं टूटा, अन्यथा एक बड़ी दुर्घटना घटित हो सकती थी।
दिन के समय होती घटना, तो मच सकती थी चीख-पुकार
आपकों बता दे कि ग्राम पंचायत पांढरवानी के द्वारा लालबर्रा के हाई स्कूल मार्ग सडक़ के डिवाईडर के बीच में दो स्थानों पर हाई मास्क लाइट लगाई गई है एवं अन्य जगह को स्ट्रीट लाइट से जिससे रात्रि में प्रकाश की व्यवस्था बनी रहती है। लेकिन बीती रात्रि में अज्ञात चौपहिया वाहन चालक ने राजाभोज जैविक/प्राकृतिक कृषि उपज मंडी काम्पलेक्स के समीप, माँसरस्वती मंच, पोस्ट आफिस कार्यालय के सामने स्थित हाई मास्क लाइट के चबूतरे को जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे वह क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिस तरह से सीमेन्ट का चबूतरा क्षतिग्रस्त हुआ है जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वाहन तेज गति में रहा होगा। अगर यह घटना दिन के समय होता तो बडी दुर्घटना घटित हो सकती थी क्योंकि यह एक व्यस्तम मार्ग है और समीप में स्कूल भी है। लोगों का आवागमन जारी रहता है वे उसकी चपेट में आ सकते थे लेकिन रात्रि के समय होने के कारण बड़ी दुर्घटना टल गई। किन्तु वाहन में सवार व्यक्तियों को चोटे आई होगी लेकिन किस चौपहिया वाहन से यह हाई मास्क लाइट का चबूतरा क्षतिग्रस्त हुआ है जिसकी जानकारी सामने नही आई है। लेकिन पांढरवानी पंचायत के द्वारा घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीव्ही कैमरे क े फुटेज देखे जा रहे है और अज्ञात चौपहिया वाहन की भी पतासाजी की जा रही है ताकि शासकी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले उक्त वाहन चालक पर वैधानिक कार्यवाही की जा सके। वहीं स्थानीय नागरिकों और राहगीरों का कहना है कि यह घटना यदि दिन के समय हुई होती, तो जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। हाई स्कूल मार्ग नगर मुख्यालय का एक बेहद व्यस्त और वीआईपी मार्ग माना जाता है। इस मार्ग पर तहसील कार्यालय, शासकीय स्कूल, कॉलेज सहित कई प्रमुख सरकारी कार्यालय और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं। इस वजह से दिनभर इस मार्ग पर छात्र-छात्राओं, अधिकारियों और आम जनता की भारी आवाजाही लगी रहती है। रात का समय होने के कारण सडक़ सूनी थी, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ। अगर दिन के व्यस्त समय में कोई अनियंत्रित वाहन इस तरह टक्कर मारता, तो वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ सकते थे।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश जारी, सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना को अंजाम देने के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। अंधेरे का फायदा उठाकर भागने वाले इस वाहन की तलाश की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर रात के समय नगर की सडक़ों पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिये हैं। वहीं सडक़ के बीचों-बीच क्षतिग्रस्त पड़े चबूतरे के मलबे से अब दिन के समय यातायात बाधित होने और अन्य वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि क्षतिग्रस्त चबूतरे और स्ट्रीट लाइट की तत्काल मरम्मत करवाई जाये, अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर उचित कानूनी कार्यवाही करने, रात के समय नगर के मुख्य मार्गोंपर भारी वाहनों की गति सीमा तय करने के लिए पुलिस गश्त बढ़ाये जाने की मांग की है।
दूरभाष पर चर्चा में पांढरवानी सरपंच अनीस खान ने बताया कि लालबर्रा के हाई स्कूल मार्ग माँसरस्वती मंच, पोस्ट आफिस कार्यालय के सामने स्थित हाई मास्क लाइट के चबूतरे को बीती रात्रि में अज्ञात चौपहिया वाहन चालक ने जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो चुका है। अज्ञात वाहन की पतासाजी की जा रही है एवं पुलिस थाने में शिकायत भी की जायेगी और पुलिस प्रशासन से मांग है कि चबूतरे व हाई मास्क लाइट को नुकसान पहुंचाने वाले अज्ञात वाहन चालक पर कठोर कार्यवाही करें।










































