तहसील कार्यालय परिसर के पीछे बने शौचालय में मिला वृध्द का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी१५ से २० वर्षोंसे परिवार से अलग रह रहे ६५ वर्षीय सोहन के रूप में हुई मृतक की पहचान, जांच में जुटी पुलिस

0

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित तहसील कार्यालय परिसर के पीछे बने शौचालय में मंगलवार की दोपहर उस वक्त सनसनी फैल गई, जब झाडिय़ों के बीच बने प्रसाधन (शौचालय) में एक वृध्द का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव बरामद किया। पुलिस द्वारा की गई शुरूआती छानबीन में मृतक की पहचान ग्राम नगपुरा निवासी ६५ वर्षीय सोहन कुशमारे के रूप में हुई है। शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने उनके परिजनों को घटना की सूचना दी और पोस्टमार्टम करवाकर अंतिम संस्कार के लिए शव उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है एवं मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

दोपहर में बेसुध देखा गया, पुलिस जांच जारी

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगपुरा निवासी ६५ वर्षीय सोहन कुशमारे पिछले लगभग १५ से २० वर्षों से अपने परिवार से अलग रह रहा था। उसे अक्सर पांढरवानी रोड स्थित गार्डन के आसपास देखा जाता था और लालबर्रा में वह किसी स्थानीय दुकान में मजदूरी या काम करके अपना जीवन-यापन कर रहा था। जानकारी यह भी सामने आई है कि कुछ दिनों पूर्व सोहन की तबीयत काफी खराब हो गई थी, जिसके चलते उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया था। लेकिन वह जिला चिकित्सालय से बिना बताये आ गया था। जिसके बाद वह तहसील कार्यालय के पीछे झाडिय़ों में बने शौचालय की तरफ कब और किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी जानकारी किसी को नहीं है। मंगलवार दोपहर तहसील कार्यालय के पीछे बने शौचालय की ओर एक व्यक्ति गया जिससे झाडिय़ों के पीछे बने शौचालय (प्रसाधन) में एक व्यक्ति बेसुध अवस्था में दिखाई दिया। जिसे देखकर वह घबरा गया और अन्य लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद लोगों की भीड़ लग गई। वहीं समीप जाकर देखा गया तो वह एक वृध्द व्यक्ति था, जिसकी मौत हो चुकी थी। ६५ वर्षीय वृध्द की मौत किन कारणों से हुई है, कारण अज्ञात है। वहीं पुलिस ने घटना स्थल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को शव अंतिम संंस्कार के लिए सुपुर्द कर दिया है।

दूरभाष पर चर्चा में थाना प्रभारी राजमल दायमा ने बताया कि दोपहर में सूचना मिली थी कि तहसील कार्यालय के पीछे बने शौचालय (प्रसाधन) में एक वृध्द व्यक्ति बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ है, जिसके बाद घटना स्थल पहुंचकर देखा गया तो उसकी मौत हो चुकी थी, जिसकी पहचान नगपुरा निवासी सोहन कुशमारे के नाम से हुई है। श्री दायमा ने बताया कि मृतक के परिजनों से जानकारी मिली है कि वह १५ से २० वर्ष से परिवार से अलग अकेला रहता था, शव बरामद कर पोस्टमार्टम करवाकर शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही यह भी बताया कि सोहन की मौत कैसे हुई है कारण अज्ञात है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा, मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here