नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी से बीजेपी में आने के बाद से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा की यह कहकर आलोचना होती है कि उन्होंने पहले की तरह आम लोगों से जुड़े मुद्दे उठाने अब छोड़ दिए हैं। अगर उनके सोशल मीडिया हैंडल देखें तो पिछले कुछ महीनों से वह बहुत कम एक्टिव हैं। गुरुवार को राज्यसभा में उन्होंने लोक परीक्षा संशोधन बिल का पूरजोर समर्थन किया और बताया कि सरकार की आलोचना करने वाले से बदलकर आज वह इसके समर्थन में क्यों बोल रहे हैं।
‘हेडलाइन नहीं चाहिए, आउटकम चाहिए’
लोक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 संसद की दोनों सदनों से पास हो चुका है। गुरुवार को जब राज्यसभा में इसपर चर्चा हो रही थी तो राघव चड्ढा ने इसके पक्ष में जोरदार दलीलें पेश कीं। गुरुवार के बाद शुक्रवार को भी उन्होंने अपने भाषण का एक हिस्सा एक्स पर शेयर किया। उनका कहना है कि ‘वह दिल से भारत के स्टूडेंट का समर्थन करते हैं।’ अपनी चुप्पी के बारे में उनका कहना है ‘मुझे हेडलाइन नहीं चाहिए, आउटकम चाहिए।’










































