Laptop Distribution: सीएम मोहन यादव ने 12वीं में 75 फीसदी से अधिक अंक लाने वाले छात्र-छात्राओं को लैपटॉप दिए हैं। लैपटॉप के लिए छात्रों के खाते-खाते में 25-25 हजार रुपए ट्रांसफर किए हैं। इस दौरान सीएम मोहन यादव ने उनके साथ संवाद भी किया है। छात्रों ने सीएम को अपने सपने बताए हैं।भोपाल: मध्य प्रदेश के प्रतिभावन छात्रों को सीएम मोहन यादव ने लैपटॉप वितरित किए हैं। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ संवाद भी किया है। उनकी बातों से सीएम मोहन यादव इतने प्रभावित हुए कि बच्चों की तारीफ करने से खुद को रोक नहीं सके। इस दौरान छात्रों के साथ उनका दिलचस्प संवाद भी दुआ है। एक छात्रा हिमांशी पाठक ने कहा कि मैंने सपने में देखा था कि आप मुझे सम्मानित कर रहे हैं और परीक्षा के बाद मैं आपके बगल में खड़ी हूं।12वीं 75 फीसदी से अधिक अंक लाने वालों को मिले लैपटॉप
दरअसल, 12वीं में 75% से ज्यादा नंबर लाने वाले विद्यार्थियों को सीएम मोहन यादव ने लैपटॉप दिया। उन्होंने 1 लाख 21 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों को लैपटॉप खरीदने के लिए 304 करोड़ रुपए से अधिक की राशि उनके खातों में ट्रांसफर की। इस तरह हर विद्यार्थी के खाते में 25-25 हजार रुपए आए। मोहन यादव ने कार्यक्रम में 10 विद्यार्थियों को मंच पर लैपटॉप प्रदान किए। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सीएम ने विद्यार्थियों के साथ रिमोट का बटन क्लिक करवाकर रुपए ट्रांसफर कराए।
मैं राजनेता बनना चाहता हूं…
मंच से सीएम ने छात्रों से बात की है। उन्होंने छात्रों से पूछा कि वे बड़े होकर क्या बनना चाहते हैं। छात्र वीरेंद्र सिंह बुंदेला ने कहा कि मैं राजनेता बनना चाहता हूं। इस पर सीएम यादव ने कहा कि यह भी हमारे लिए जरूरी है। बच्चे राजनेता बनकर देश को दिशा देने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। एक सवाल के जवाब में बुंदेला ने कहा कि मैंने लोगों की परेशानी देखी है। एक राजनेता उन परेशानियों को दूर कर सकता है। उन्होंने कहा कि जब मैंने देखा कि कोई राजनीति नहीं करना चाहता, तो मैंने फैसला किया कि मैं वो करूंगा जो कोई नहीं करना चाहता। मैं देश का विकास करना चाहता हूं।










































