बकोड़ा में हर्षाेल्लास के साथमनाई गई सांई बाबा की १०८ वीं पुण्यतिथि

0

डोला और कलश शोभायात्रा के साथ गूंजे ‘सच्चिदानंद सदगुरु’ के जयकारे, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन

पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। ‘बोलो सच्चिदानंद सदगुरु सांईनाथ महाराज की जय’ के गगनभेदी जयकारों के साथ ग्राम बकोड़ा के सांईग्राम स्थित शिर्डी सांई मंदिर में बाबा की १०८ वीं पुण्यतिथि २२ अक्टूबर को अत्यंत हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाई गई। इस दो दिवसीय पावन आयोजन के दौरान मंदिर प्रांगण में विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक अनुष्ठान संपन्न हुए। जिसमें बड़ी संख्या में श्रध्दालुओं ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। दो दिवसीय उत्सव के पहले दिन से ही मंदिर परिसर में विविध धार्मिक कार्यक्रमों का दौर शुरू हो गया था। प्रात:काल बाबा का सुप्रभातम, नगर संकीर्तन, अभिषेक, हवन-पूजन और विशेष भजनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। वहीं कार्यक्रम के दुसरे दिन २२ अक्टूबर की शाम ७.३० बजे मंदिर प्रांगण में पारंपरिक परंपरा का निर्वहन करते हुए सांई बाबा की चादर की नीलामी की गई। जिसके पश्चात डीजे की मधुर धुनों और गाजे-बाजे के साथ सांई बाबा का भव्य डोला एवं कलश शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा पूरे ग्राम का भ्रमण करते हुए वापस सांई मंदिर पहुंची।

महाआरती और महाप्रसादी का वितरण

सांई बाबा का डोला यात्रा के मंदिर पहुंचने पर उपस्थित श्रध्दालुओं ने विधि-विधान से बाबा की पालकी की पूजा-अर्चना की। तत्पश्चात महंत हंसराज मिश्रा द्वारा महाआरती संपन्न करवाई गई। जिसके बाद उपस्थित भक्तों को महाप्रसादी का वितरण किया गया। रात ९ बजे से पीएम श्री शासकीय हाई स्कूल बकोड़ा के छात्र-छात्राओं द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री शिर्डी सांई मंदिर समिति के अध्यक्ष श्याम कौशल के मुख्य आतिथ्य, बकोड़ा सरपंच श्रीमती पुष्पा नागेश्वर की अध्यक्षता तथा विशेष अतिथि के रूप में अनुप गौचंद, आशीष तोमर, समिति उपाध्यक्ष श्रीराम नागेश्वर, श्री गोंदुडे एवं सचिव रतनलाल एड़े की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान स्कूल के छात्र-छात्राओं ने एक से बढक़र एक आकर्षक झांकियों के साथ मनमोहक नृत्य, नाटक और देशभक्ति, देवी गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं शिर्डी सांई बाबा की १०८ वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंदिर को बेहद आकर्षक और भव्य ढंग से सजाया गया था, जो क्षेत्रवासियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। सांई मंदिर ट्रस्ट समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी परंपरा का निर्वहन करते हुए दो दिवसीय शिर्डी वाले सांई बाबा की पुण्यतिथि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अंत में समिति ने सांईनाथ महाराज से सभी के जीवन में सुख, शांति, खुशहाली और समृध्दि बनाये रखने की प्रार्थना की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here