देवास जिले में 20 दिनों के भीतर 13 लोगों की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। परिजनों का आरोप है कि ये मौतें जहरीली शराब पीने से हुई हैं, जिससे कई लोगों की आंखों की रोशनी भी चली गई। हालांकि, जिला प्रशासन ने इन आरोपों को खारिज किया है।देवास: जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौतों ने एक बार फिर सनसनी फैला दी है। जिले के दो गांवों में महज 20 दिनों के भीतर 13 लोगों की जान चली गई है, जिसके बाद जहरीली शराब का काला कारोबार फिर बहस के केंद्र में आ गया है। चंदाना और बिंजाना गांवों में हुई इन मौतों के बाद से ग्रामीणों और परिजनों में भारी आक्रोश है। परिजनों का साफ आरोप है कि इन सभी की मौत जहरीली और मिलावटी शराब पीने के कारण हुई है, जबकि जिला प्रशासन ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे भ्रामक बताया है।
तीन महीने में तीसरा बड़ा शराब मामला
मप्र में पिछले तीन महीनों के भीतर यह इस तरह का तीसरा संदिग्ध मामला सामने आया है। इससे पहले अगस्त में गुजरात के भावनगर में 13 मौतें हुई थीं, जिनका कनेक्शन मप्र से जुड़ा था। इसके बाद सितंबर में सागर के बंडा और शाहगढ़ में 20 से अधिक लोगों की जान चली गई थी। अब अक्टूबर में देवास में हुई इन मौतों ने आबकारी विभाग और स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।’डायरी सिस्टम’ से बिकती थी शराब, चार दोस्तों की एक साथ मौत
ग्रामीणों के मुताबिक, मृतक चंदाना के विंदू जायसवाल और विष्णु जायसवाल से शराब खरीदते थे, जो फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। इलाके में ‘डायरी सिस्टम’ के जरिए अवैध शराब बेचे जाने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि 15 अक्टूबर को चंदाना के चार दोस्तों दीपक, जितेंद्र, ओमप्रकाश और भीमा ने साथ बैठकर शराब पी थी, और अगले दिन चारों की मौत हो गई। कई अन्य लोगों की आंखों की रोशनी जाने और उनका अस्पताल में इलाज चलने की बात भी सामने आई है।प्रशासन का दावा- जहरीली शराब से नहीं हुई मौत
दूसरी तरफ, देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह और एसडीएम अभिषेक शर्मा ने जहरीली शराब से मौतों की बात को पूरी तरह खारिज किया है। आबकारी कमिश्नर दीपक सक्सेना का कहना है कि शुरुआती जांच में जब्त शराब में कोई जहरीला तत्व नहीं मिला है, और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अत्यधिक शराब सेवन से मल्टीपल ऑर्गन फेलियर सामने आया है। बहरहाल, प्रशासनिक दावों के उलट पीड़ित परिवारों का दर्द और गुस्सा सिस्टम पर बड़े सवाल खड़े कर रहा है।









































