योग के आसनों में दम दिखाने जुटे प्रदेशभर के खिलाड़ी
राज्यस्तरीय योग खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य आगाज,
8 संभागों के 350 से ज्यादा खिलाड़ी मैदान में
योग की थीम पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
फोटो
पदमेश न्यूज़। बालाघाट।योग के आसन, अनुशासन और शारीरिक संतुलन का हुनर दिखाने के लिए शुक्रवार को बालाघाट में प्रदेशभर के स्कूली खिलाड़ियों का जमावड़ा लगा। बताया गया कि तीन साल बाद जिले को राज्यस्तरीय योग खेलकूद प्रतियोगिता की मेजबानी का मौका मिला है। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही बालाघाट में खेल और योग का माहौल बन गया। प्रदेश के 8 संभागों से पहुंचे 350 से अधिक बालक-बालिका खिलाड़ी अब अपने-अपने संभाग का प्रतिनिधित्व करते हुए योग में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार हैं। तीन दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ समारोह करीब चार घंटे तक चला, जिसमें खिलाड़ियों ने योग पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
8 संभागों के खिलाड़ियों में होगा मुकाबला
राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भोपाल, रीवा, जबलपुर, इंदौर, नर्मदापुरम, सागर, शहडोल और उज्जैन संभाग के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अलग-अलग संभागों से पहुंचे प्रतिभागियों के बीच योग कौशल, अभ्यास और प्रदर्शन को लेकर मुकाबला होगा। प्रतियोगिता में बालक और बालिका दोनों वर्गों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। जिला शिक्षा अधिकारी धनश्री जैन के अनुसार, प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 350 से अधिक प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। शनिवार से खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपने-अपने संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे। 25 अक्टूबर को समापन होगा।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में दिखा योग का संदेश
शुक्रवार शाम पांच बजे तक चले शुभारंभ कार्यक्रम में खिलाड़ियों ने योग पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों के जरिए योग के महत्व, शारीरिक स्वास्थ्य और अनुशासित जीवनशैली का संदेश दिया गया। समारोह में पहुंचे अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बालाघाट की पहचान खेल और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों से रही है।जिले के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराकर जिले का नाम रोशन किया है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने और आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
शुभारंभ कार्यक्रम में आयोग सदस्य मौसम हरिनखेड़े, नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर, उपाध्यक्ष योगेश बिसेन सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने विभिन्न संभागों से बालाघाट पहुंचे खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। योग ऐसी विधा है, जो शारीरिक क्षमता के साथ मानसिक एकाग्रता को भी मजबूत करती है।
25 अक्टूबर को होगा समापन
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान संभागीय खिलाड़ी योग में अपनी श्रेष्ठता साबित करने के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 25 अक्टूबर को होगा। बालाघाट को मिली इस मेजबानी से जिले में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ ही प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिला है। अब सबकी निगाहें प्रतियोगिता में होने वाले मुकाबलों और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों पर टिकी हैं।







































