Gwalior House Roof Collapse: ग्वालियर के डबरा इलाके में सो रहे लोगों पर मकान की छत गिर गई है। हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई है। वहीं, तीन लोग घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के दौरान लापरवाही बरती गई है।ग्वालियर: डबरा इलाके में बुधवार की रात को गंभीर हादसा हो गया। यहां बारिश के दौरान एक कच्ची दो मंजिला मकान की छत अचानक ढह गई। घर के अंदर सो रहे एक ही परिवार के पांच सदस्य छत के मलबे के नीचे दब गए। आसपास के लोगों ने मलबे से निकालकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जिनमें से दो लोगों की मौत हो गई।घायलों का जारी है इलाज
बाकी का उपचार जारी है। यह पूरा घटनाक्रम डबरा के जंगीपुरा इलाके का है। यहां के रहने वाले जागेंद्र दो मंजिला कच्चे मकान में किराए से रहते थे। जागेंद्र ग्वालियर में जूता फैक्ट्री में काम करते है। बुधवार की रात को जागेंद्र अपनी पत्नी सीमा और तीन बच्चों के साथ घर के अंदर सो रहे थे, तभी अचानकघर की कच्ची छत गिर पड़ी। जिससे पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया।
आवाज सुनकर दौड़े लोग
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े, मलबे में दबे जागेंद्र और उसके परिवार को बाहर निकाला। जागेंद्र के भाई भी पास में रहते थे। वह भी दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और अपने भाई और उसके परिवार को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। उपचार शुरू होते ही जागेंद्र की पत्नी सीमा की मौत हो गई। इसके बाद गंभीर घायलों को उपचार के लिए ग्वालियर रेफर किया गया लेकिन रास्ते में ही 2 साल के मासूम गुन्नू ने भी दम तोड़ दिया।हादसे में मां-बेटे की मौत
इस तरह इस हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई जबकि पिता जागेंद्र समेत दो बच्चियां घायल हैं। जिनका उपचार किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि अस्पताल में समय पर सही से उपचार नहीं मिला। अस्पताल में काफी अव्यवस्था है। इसकी शिकायत उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी की है। प्रशासनिक अधिकारियों व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की बात कही है।
मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने लिया जायजा
घटना की सूचना मिलते ही अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का जायजा लिया है। इसके बाद वहां से मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। अधिकारियों ने मामले की जांच कराने की बात कही है।










































