भोपाल। नजीराबाद के रुनाहा जोड़ के पास किसान इंदल सिंह गुर्जर पर हुए जानलेवा हमले की वजह तीन साल पुराना प्लाट विवाद निकला। पुलिस के अनुसार किसान पुरानी प्लाट की रसीद दिखाकर दोबारा प्लाट देने का दबाव बना रहा था। इससे परेशान रूनाहा के पंचायत सचिव और कॉलोनाइजर जितेंद्र श्रीवास्तव ने उसे रास्ते से हटाने के लिए 50 हजार रुपये की सुपारी दे दी। इसके बाद चार बदमाशों ने किसान को घेरकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा।
पुलिस ने पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो फरार हैं। एसडीओपी बैरसिया वैशाली कराहलिया ने बताया कि बिजावन खुर्द निवासी इंदल सिंह ने आठ सितंबर को शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि वह बाइक से गांव लौट रहे थे। रुनाहा जोड़ के पास सफेद कार सवार चार लोगों ने रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोका और अचानक हमला कर दिया। मारपीट में उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और कई फ्रैक्चर हुए।










































