US School Shooting: अमेरिका के ओरेगॉन स्थित ‘सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल’ में हुई अंधाधुंध गोलीबारी में कम से कम 5 लोगों की मौत की खबर है। मृतकों में मासूम बच्चे भी शामिल हैं।US School Shooting: अमेरिका में एक बार फिर स्कूल में गोलीबारी की भीषण और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। अमेरिका के ओरेगॉन राज्य के बेंड शहर स्थित सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल में हुई अंधाधुंध फायरिंग में कम से कम 5 लोगों की मौत होने की खबर है। कानून प्रवर्तन अधिकारियों के अनुसार, मृतकों में मासूम बच्चे भी शामिल हैं।अधिकारियों का कहना है कि मौतों का यह आंकड़ा प्राथमिक है और इसमें बदलाव हो सकता है। वहीं, बेंड पुलिस की प्रवक्ता शीला मिलर ने पुष्टि की है कि संदिग्ध हमलावर भी मारा जा चुका है।
बाहर गाड़ी पर चलाई थी पहली गोली
मामले की जानकारी रखने वाले अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर की उम्र 15 या 16 साल के आसपास बताई जा रही है। पुलिस को दोपहर करीब 1:29 बजे (स्थानीय समयानुसार) पहली कॉल मिली, जिसमें बताया गया कि सिल्वर रेल एलिमेंट्री स्कूल के बाहर खड़ी एक कार पर गोली चलाई गई है। इसके बाद स्कूल के अंदर से 911 (इमरजेंसी नंबर) पर कई कॉल्स आईं। पुलिस मिनटों के भीतर मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही हमलावर को स्कूल के भीतर ही गोली लगी और वह नीचे गिर पड़ा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावर पुलिस की गोली से मारा गया, किसी प्रत्यक्षदर्शी ने उसे गोली मारी या फिर उसने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
मासूम बच्चे भी हुए शिकार, पूरे स्कूल में लॉकडाउन
पुलिस प्रवक्ता शीला मिलर ने भावुक होते हुए मीडिया से कहा, “हम इस समय हर कमरे में जाकर लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल रहे हैं। हम कभी नहीं चाहते थे कि बेंड शहर में ऐसी दिल दहला देने वाली घटना देखने को मिले। यह बेहद दर्दनाक है।” घटना के तुरंत बाद कम से कम दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के समय पूरे स्कूल को तुरंत लॉकडाउन पर रख दिया गया और बच्चों के परिजनों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।किंडरगार्टन से 5वीं कक्षा तक का है स्कूल
ओरेगॉन शिक्षा विभाग के अनुसार, बेंड स्थित इस एलिमेंट्री स्कूल में करीब 459 छात्र रजिस्टर्ड हैं। यह स्कूल किंडरगार्टन से लेकर पांचवीं कक्षा तक के छोटे बच्चों को शिक्षा देता है। यह शहर पोर्टलैंड से लगभग 160 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित है।








































