India Tour On Skating: झारखंड के दो सगे भाई अंकित और सौरभ हाथों में तिरंगा लेकर स्केटिंग करते हुए देश के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा पर निकले हैं। छह महीने में 10,500 किलोमीटर का सफर तय कर वे अब मध्य प्रदेश के खरगोन पहुंचे हैं, जहां से वे ओंकारेश्वर और उज्जैन जाएंगे।खरगोन: हाथों में तिरंगा और भगवा ध्वज, मन में आस्था और देशप्रेम का जज्बा। झारखंड के दो सगे भाई स्केटिंग करते हुए देश के प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा पर निकले हैं। छह महीने में करीब 10,500 किलोमीटर का सफर तय कर चुके अंकित कुमार साहू और उनके छोटे भाई सौरभ अब खरगोन जिले से गुजर रहे हैं। दोनों का लक्ष्य चारधाम, 12 ज्योतिर्लिंग और पांच केदार की यात्रा पूरी करना है। वे अपनी इस अनूठी पहल के जरिए साहस, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दे रहे हैं।
रोज चलते हैं 70 से 80 किलोमीटर
झारखंड के गिरिडीह जिले के तीसरी प्रखंड के निवासी अंकित ने बताया कि दोनों भाई प्रतिदिन 70 से 80 किलोमीटर तक स्केटिंग करते हैं। पूरी यात्रा में डेढ़ से दो साल लगने का अनुमान है। उनके मुताबिक, वह झारखंड के पहले युवक हैं, जो इस तरह स्केटिंग के जरिए तीर्थयात्रा कर रहे हैं। वहीं, पांच केदार की स्केटिंग यात्रा करने वाले वह भारत के दूसरे युवा हैं।कहीं चाय-नाश्ता, तो कहीं फल और पानी से स्वागत
लंबे सफर के दौरान दोनों भाइयों को अलग-अलग शहरों और गांवों में स्थानीय लोगों का सहयोग मिल रहा है। कहीं लोग उन्हें चाय-नाश्ता कराते हैं, तो कहीं फल और ठंडा पानी देकर उनका हौसला बढ़ाते हैं। होटल संचालक भी खाद्य सामग्री उपलब्ध कराकर मदद करते हैं। अंकित और सौरभ का कहना है कि अनजान लोगों से मिलने वाला अपनापन और प्रोत्साहन उनकी यात्रा को आसान बनाने के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा भी देता है।
कई प्रमुख तीर्थस्थलों के कर चुके हैं दर्शन
दोनों भाई अब तक बाबा बैद्यनाथ धाम, जगन्नाथ पुरी और मल्लिकार्जुन सहित कई प्रमुख तीर्थस्थलों की यात्रा कर चुके हैं। उनकी यात्रा में रामेश्वरम, भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर और घृष्णेश्वर जैसे ज्योतिर्लिंग भी शामिल हैं। खरगोन जिले में दोनों कसरावद से सनावद होते हुए ओंकारेश्वर पहुंचेंगे। यहां ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने के बाद उनकी अगली मंजिल उज्जैन स्थित बाबा महाकाल का दरबार होगा। तिरंगे के साथ स्केटिंग करते हुए निकले दोनों भाइयों की यह यात्रा केवल तीर्थदर्शन तक सीमित नहीं है। वे अपने सफर के जरिए लोगों को देशप्रेम, आपसी सद्भाव, भाईचारे और दृढ़ संकल्प का संदेश देना चाहते हैं।






































