मध्य प्रदेश के खरगोन में नर्मदा किनारे राऊ विधानसभा क्षेत्र के 343 लावारिस मतदाता पहचान पत्र मिले हैं। इस घटना से प्रशासनिक और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है।मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के मंडलेश्वर कस्बे में नर्मदा नदी के किनारे रविवार को 343 लावारिस मतदाता पहचान पत्र (वोटर आईडी कार्ड) मिलने से प्रशासनिक गलियारों और राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बरामद किए गए ये पहचान पत्र पड़ोसी इंदौर जिले के राऊ विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं।सफाई अभियान के दौरान मिले कार्ड
यह मामला रविवार को उस समय सामने आया जब स्थानीय नागरिक नर्मदा घाट पर नियमित सफ़ाई अभियान चला रहे थे। इसी दौरान नदी किनारे बड़ी संख्या में लावारिस हालत में वोटर आईडी कार्ड बिखरे मिले। स्थानीय लोगों ने तुरंत प्रशासन को इसकी सूचना दी। इसके कुछ ही देर बाद मौके का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से प्रसारित हो गया, जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया।कांग्रेस का कड़ा रुख, थाने के घेराव की दी चेतावनी
नर्मदा किनारे भारी संख्या में लवारिस वोटर आईडी कार्ड मिलने पर विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने चुनाव आयोग पर बड़ा हमला बोला है। घटना की जानकारी मिलते ही जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाइक पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मंडलेश्वर पुलिस थाने पहुंचे और निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए। कांग्रेस ने पुलिस को लिखित शिकायत सौंपकर मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज करने और निष्पक्ष जांच की मांग की। इसके साथ ही कांग्रेस ने मांग उठाई है कि नर्मदा नदी में गोताखोरों की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया जाए, ताकि यह पता चल सके कि पानी में और भी मतदाता पहचान पत्र तो नहीं फेंके गए हैं। रवि नाइक ने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन ने तुरंत एफआईआर दर्ज कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस थाने का घेराव कर उग्र आंदोलन करेगी।राजस्व विभाग ने जब्त किए कार्ड
मंडलेश्वर की अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (SDOP) श्वेता शुक्ला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नर्मदा नदी किनारे सफाई अभियान के दौरान मतदाता पहचान पत्र मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी 343 पहचान पत्रों को जब्त कर लिया है और नियमानुसार पंचनामा तैयार किया गया है। एसडीओपी ने कहा कि थाना प्रभारी को पूरे मामले की जांच के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। पुलिस को कांग्रेस पार्टी की ओर से भी शिकायत आवेदन प्राप्त हुआ है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






































