Bageshwar Dham Tension: भगवान कृष्ण पर कथित टिप्पणी को लेकर छतरपुर में माहौल गरमा गया है। यादव महासभा के लोग बागेश्वर धाम में घेराव करने जा रहे हैं। वहीं, धीरेंद्र शास्त्री के समर्थक भी डंडे और झंडे के साथ सड़क पर तैयार है। माहौल को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
छतरपुर: भगवान श्रीकृष्ण को लेकर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के कथित विवादित बयान के बाद छतरपुर में विरोध प्रदर्शन ने अब बड़ा रूप ले लिया है। यादव महासभा, ओबीसी महासभा और दामोदर यादव के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने आंदोलन का ऐलान करते हुए बागेश्वर धाम तक पैदल मार्च निकालने की बात कही है। इसे लेकर टकराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। यादव महासभा के लोग वहां जमा होने लगे हैं और दूसरी तरफ बागेश्वर बाबा के समर्थक भी वहां जमा हैं। उनके हाथों में भी लाठी-डंडे हैं।तालाबंदी की चेतानी
इतना ही नहीं, यादव महासभा के प्रदर्शनकारियों की ओर से बागेश्वर धाम पहुंचकर तालाबंदी करने की चेतावनी भी दी गई है। इसी ऐलान के बाद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बागेश्वर धाम की ओर जाने वाले मार्गों पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है।
बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग जुटे
शुक्रवार को छतरपुर के रेलवे स्टेशन ग्राउंड में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग जुटे। इस प्रदर्शन में केवल यादव समुदाय ही नहीं, बल्कि अन्य समाजों के लोग भी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण को लेकर की गई टिप्पणी से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इसी के विरोध में वे आंदोलन कर रहे हैं।
बागेश्वर धाम जाने वाले रास्तों पर पुलिस का पहरा
प्रदर्शनकारियों के बागेश्वर धाम कूच करने के ऐलान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। छतरपुर एसपी रजत सकलेचा खुद भारी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। बागेश्वर धाम की ओर जाने वाले प्रमुख रास्तों पर पुलिस बल तैनात किया गया है। कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। धाम की ओर जाने वाले वाहनों की जांच के बाद ही उन्हें आगे बढ़ने दिया जा रहा है। इसके अलावा दूसरे जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर छतरपुर में तैनात किया गया है।
भीड़ को रोक रही पुलिस
रेलवे स्टेशन ग्राउंड में जहां प्रदर्शनकारी एकत्रित हो रहे हैं, वहां भी बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद हैं। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से हो और किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
आखिर क्यों शुरू हुआ पूरा विवाद?
दरअसल, कुछ दिन पहले एक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण की तुलना करते हुए भगवान श्रीकृष्ण को टेढ़ा-मेढ़ा और भगवान श्रीराम को सीधा बताया था। इस टिप्पणी के सामने आने के बाद भगवान श्रीकृष्ण के अनुयायियों और यादव समाज के लोगों में नाराजगी देखने को मिली।






































