व्यवस्थाओं को लेकर गरमाई चर्चा, महाविद्यालयीन गतिविधियों और कमियों पर हुई गंभीर चर्चा
छात्र उपस्थिति बढ़ाने, ड्रेस कोड का पालन और रिक्त पदों को जल्द भरने के दिये गये निर्देश
पद्मेश न्यूज। लालबर्रा। नगर मुख्यालय स्थित शासकीय महाविद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति और अन्य बुनियादी समस्याओं का जायजा लेने के लिए पूर्व जनभागीदारी समिति के सदस्यों एवं भाजपा नेताओं ने महाविद्यालय का शुक्रवार कोऔचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान महाविद्यालय के प्राचार्य कक्ष में विभिन्न बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई और शिक्षण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। साथ ही प्रयोगशाला कक्ष एवं अन्य लेब का निरीक्षण कर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने एवं जो कमियां है उसे दुर करने प्राचार्य से कहा गया। वहीं उपस्थित पदाधिकारियों ने महाविद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम पाये जाने पर चिंता व्यक्त की और उपस्थिति बढ़ाने के लिए प्रशासनिक अमले को पूरी सजगता के साथ कार्य करने की बात कही। साथ ही अनुशासन बनाये रखने के लिए सभी विद्यार्थियों को अनिवार्य रूप से ड्रेस कोड में आने के निर्देश दिये जाने एवं जो विद्यार्थी अधिक समय तक अनुपस्थित रहते है उनके परिजनों से चर्चा कर उसकी वास्तविक जानकारी लेने कहा गया। वहीं महाविद्यालय में जो व्यक्ति अनावश्यक रूप से आते है उन पर प्रतिबंध लगाने और समय पर सभी प्राध्यापकों के उपस्थित होने एवं पढ़ाई पर विशेष जोर दिया गया।
विभिन्न विषयों के प्राध्यापकों के पद रिक्त होने से पढ़ाई हो रही प्रभावित
आपकों बता दे कि लालबर्रा के शासकीय महाविद्यालय मेें वर्तमान में १५ सौ से अधिक छात्र-छात्राएं शिक्षा अध्ययन कर रहे है। लेकिन महाविद्यालय में वर्तमान में भौतिक शास्त्र, गणित, राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र और वनस्पति शास्त्र सहित कुल ५ महत्वपूर्ण पद रिक्त हैं। वहीं नवीन शैक्षणिक सत्र का आधा सत्र बीत जाने के बाद भी अतिथि विद्वानों की नियुनि न होने से पढ़ाई प्रभावित हो रही है। अगर समय पर नियमित प्राध्यापक एवं अतिथि विद्वानों की नियुक्ति नही हुई है छात्र-छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित होगी। जिसका असर उनके परीक्षा परिणाम पर पडेगा। जिस पर उपस्थित जनभागीदारी समिति के पूर्व सदस्य एवं भाजपा नेताओं ने प्राचार्य से कहा कि जो पद रिक्त पड़े है उस पद पर प्राध्यापकों की नियुक्ति हेतु उच्च शिक्षा विभाग को पत्र व्यवहार कर प्रशासन से मांग करे ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। साथ ही महाविद्यालय में जो कमियां पाई गई उसे जल्द दुरूस्त करने की भी मांग प्रभारी प्राचार्य से की गई है। इस दौरान प्रभारी प्राचार्य डॉ. प्रदीप भिमटे ने जनभागीदारी समिति के पूर्व सदस्य एवं भाजपा नेताओं से कहा कि जो पद रिक्त है उस संबंध में उच्च शिक्षा विभाग को अवगत करवा दिया गया है और शासन स्तर से ही अतिथि विद्वान शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया होती है किन्तु अब तक नही हो पाई है, लेकिन हमारे द्वारा विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो उसके लिए व्यवस्था की जा रही है। साथ ही उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कुछ समस्याएं बताई है, जिस पर अमल करते हुए उसे दुरूस्त कर पढाई पर विशेष जोर दिया जायेगा। साथ ही महाविद्यालय के प्राचार्य एवं अन्य प्राध्यापकों से कहा गया कि विद्यार्थियों को अनुशासन का पालन करवाते हुए बेहतर शिक्षा प्रदान करें।










































