रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने की कोशिशों को झटका, बातचीत में नहीं निकला कोई ठोस रास्ता

0

अबू धाबी में अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच दो दिवसीय वार्ता बिना किसी बड़े नतीजे के खत्म हुई। यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने रूसी कब्जे वाले क्षेत्र छोड़ने से इनकार किया है।

रूस और यूक्रेन के बीच करीब 5 साल से चल रहे युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिकी मध्यस्थता में हुई दो दिवसीय उच्चस्तरीय वार्ता बिना किसी बड़े राजनीतिक समझौते के समाप्त हो गई है। संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में हुई इस बैठक में दोनों पक्षों के बीच शांति समझौते को लेकर फासले अब भी बरकरार हैं, हालांकि सबसे बड़ी राहत यह रही कि दोनों देश कैदियों के बड़े पैमाने पर अदला-बदली (POW Exchange) के लिए सहमत हो गए हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद और मध्यस्थता टीम का हिस्सा रहे जेरेड कुशनर ने अबू धाबी वार्ता के बाद बताया कि इस बैठक का सबसे सकारात्मक पहलू यह रहा कि दोनों पक्ष अब तक के सबसे बड़े मानवीय कैदियों के आदान-प्रदान के लिए तैयार हो गए हैं, जिसके आंकड़ों को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। रूसी प्रतिनिधिमंडल के प्रमुख व्लादिमीर मेडिंस्की और यूक्रेनी प्रतिनिधि रुस्तेम उमेरोव ने भी इस योजना की पुष्टि की है। रूसी अधिकारी अलेक्जेंडर जोरिन के मुताबिक, कैदियों की अदला-बदली अगले दो से तीन सप्ताह में हो सकती है। इसके तहत दोनों देशों के बड़ी संख्या में युद्धबंदियों की रिहाई की उम्मीद है।

पुतिन और जेलेंस्की से मिलेंगे अमेरिकी दूत

कुशनर ने बताया कि वह और अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ गुरुवार को मॉस्को जाएंगे, जहां उनकी मुलाकात रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से होगी। इसके बाद वे आयरलैंड के डबलिन में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मिलेंगे। जेलेंस्की ने कैदियों की अदला-बदली को सकारात्मक कदम बताया, लेकिन साथ ही दो टूक कहा है कि यूक्रेन शांति के बदले रूस के कब्जे वाले अपने क्षेत्रों को नहीं छोड़ेगा। वहीं, मेडिंस्की ने वार्ता को शांति की दिशा में उपयोगी बताया।

यूरोपीय देशों की भूमिका पर मतभेद

बातचीत में युद्ध के बाद दोनों देशों की सुरक्षा व्यवस्था और रूस के कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्रों का भविष्य सबसे बड़े मुद्दे बने रहे। वार्ता में यह मुद्दा भी उठा कि क्या यूरोपीय देशों, यूरोपीय संघ और नाटो को इस शांति प्रक्रिया में शामिल किया जाना चाहिए। जिसको लेकर मतभेद भी सामने आए। रूस नहीं चाहता कि यूरोपीय देश इसमें सीधे शामिल हों, जबकि यूक्रेन का कहना है कि यूरोप की भागीदारी के बिना युद्ध समाप्त करना संभव नहीं होगा।

इस बीच, यूक्रेन और रूस के बीच हमले लगातार जारी हैं। यूक्रेन के अधिकारियों के मुताबिक, ओडेसा क्षेत्र के एक बाजार पर रूसी हमले में तीन लोगों की मौत हुई और 11 घायल हुए। वहीं, जापोरिज्जिया और खार्किव में हमलों से सात लोग घायल हुए। रूस ने दावा किया कि उसने रातभर में यूक्रेन के 627 ड्रोन मार गिराए। उधर, रूसी तेल निर्यात के प्रमुख बंदरगाह उस्त-लुगा में ड्रोन हमले के बाद आग लगने और तीन कर्मचारियों के घायल होने की सूचना है।

इस बीच, दक्षिणी यूक्रेन में रूसी सेना के लिए लड़ रहे 49 वर्षीय इंडोनेशियाई नागरिक के पकड़े जाने की खबर भी सामने आई है। इंडोनेशियाई दूतावास यूक्रेन में हिरासत में मौजूद इस व्यक्ति तक पहुंच की कोशिश कर रहा है। उसने कथित तौर पर दावा किया है कि उसे निर्माण कार्य के अनुबंध का झांसा देकर धोखे से रूसी सेना में भर्ती किया गया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here